

Sweet Cravings During Periods: पीरियड्स आने से कुछ दिन पहले अगर अचानक चॉकलेट, मिठाई, आइसक्रीम या दूसरी मीठी चीजें खाने का मन बहुत ज्यादा करने लगे, तो ऐसा आपके अकेले के साथ नहीं हो रहा है, बल्कि ऐसा सभी महिलाओं को होता है। पीरियड्स से पहले खाने की इच्छा और खास तौर पर मीठे व कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थों की क्रेविंग होना आम बात है। यह मासिक चक्र के दौरान होने वाले हार्मोनल और मूड स्विंग के लक्षण हैं।
मासिक धर्म से पहले शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हार्मोन के स्तर में बदलाव होता है। यही बदलाव कुछ महिलाओं में भूख और कुछ खास खाद्य पदार्थों की क्रेविंग को बढ़ा देता है।
पीरियड्स से पहले मूड में बदलाव, चिड़चिड़ापन या उदासी जैसी पीएमएस की समस्याएं भी कुछ महिलाओं में दिखाई देती हैं। मीठे और स्टार्च वाले खाद्य पदार्थ खाने से शरीर में सेरोटोनिन से जुड़े बदलाव होते हैं, जिससे थोड़े समय के लिए मूड बेहतर महसूस होता है। यही वजह है कि इस दौरान चॉकलेट या मिठाई खाना ज्यादा अच्छा लगता है।
कई महिलाओं में यह इच्छा पीरियड्स शुरू होने से लगभग एक सप्ताह पहले होती है। हालांकि हर महिला का मासिक चक्र अलग होता है और क्रेविंग का समय भी अलग हो सकता है। कई मामलों में पीरियड्स शुरू होने के बाद यह इच्छा कम हो जाती है।
कभी-कभी अपनी पसंद की मिठाई या चॉकलेट खाना समस्या नहीं है। परेशानी तब हो सकती है जब मीठी चीजों की मात्रा बहुत ज्यादा हो जाए या लगातार मीठा खाने की आदत बन जाए। बहुत ज्यादा रिफाइंड चीनी लेने के बाद कुछ लोगों में एनर्जी लेवल कम और सुस्ती महसूस हो सकती है। इसलिए क्रेविंग को पूरी तरह दबाने के बजाय इसकी मात्रा और खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर ध्यान देना बेहतर है।
अगर पीरियड्स से पहले मिठाई की तेज इच्छा हो रही है, तो कुछ बेहतर विकल्प आजमा सकती हैं:
दही और फल- मीठे की इच्छा के साथ प्रोटीन भी मिलेगा।
फल और थोड़े मेवे- प्राकृतिक मिठास के साथ फाइबर और अच्छे फैट मिलते हैं।
डार्क चॉकलेट- चॉकलेट खाने का मन हो तो थोड़ी मात्रा ली जा सकती है।
खजूर और मेवे- मीठा खाने की इच्छा को संतुष्ट करने का एक विकल्प।
ओट्स या दलिया- कार्बोहाइड्रेट के साथ फाइबर जोड़ने का अच्छा तरीका।
भोजन में पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर शामिल करने से पेट लंबे समय तक भरा महसूस हो सकता है। दाल, चना, राजमा, मूंग, अंडे, दही, पनीर, मेवे और बीज जैसे खाद्य पदार्थ रोज के भोजन में शामिल किए जा सकते हैं।
पीरियड्स से पहले सिर्फ मीठे स्नैक्स पर निर्भर रहने के बजाय प्रोटीन, फाइबर, जटिल कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन लेना ज्यादा संतुलित विकल्प हो सकता है। उदाहरण के लिए, मूंग दाल चीला के साथ दही या ओट्स के साथ दूध और फल।