Morning Yoga: सुबह उठते ही शरीर में रहती है सुस्ती? दिन की शुरुआत इन 7 योगासन से करें, मिलेगी एनर्जी और फुर्ती

Morning Yoga For Beginners: सुबह उठते ही थकान और सुस्ती महसूस होती है तो दिन की शुरुआत इन 7 आसान योगासन से करें। जानें इन्हें करने का सही तरीका और जरूरी सावधानियां।
7 morning yoga poses for energy and fitness.
मॉर्निंग योगाफोटो.सोशल मीडिया

Winter Daily Morning Yoga Routine: सुबह की शुरुआत अगर शरीर में थकान, आलस और सुस्ती के साथ होती है तो दिनभर काम करने का मन नहीं करता। कई बार लंबे समय तक एक ही पोजिशन में सोने और फिजिकल एक्टिविटी कम होने के कारण सुबह शरीर अकड़ा हुआ महसूस होता है। ऐसे में दिन की शुरुआत हल्के योगासन से करना फायदेमंद होता है।

योग से शरीर को धीरे-धीरे एक्टिव करने, मांसपेशियों में लचीलापन बढ़ाने और मन को शांत रखने में मदद मिलती है। अगर आप भी सुबह उठकर सुस्ती महसूस करते हैं तो रोजाना 10 से 15 मिनट इन 7 योगासनों का अभ्यास करें।

1. ताड़ासन

Mountain Pose
ताड़ासनफोटो.सोशल मीडिया

ताड़ासन शरीर का पॉश्चर सुधारने और संतुलन बनाने वाला आसान योगासन है। इसे करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं और दोनों पैरों के बीच थोड़ा अंतर रखें। अब हाथों को सिर के ऊपर ले जाकर हथेलियां मिलाएं और एड़ियां उठाते हुए पंजों पर खड़े होने की कोशिश करें। कुछ सेकंड इस स्थिति में रहें। इसे 3 से 5 बार दोहराएं।

2. मार्जरी आसन या कैट एंड काउ पोज

Cat-Cow Pose
मार्जरी आसनफोटो.सोशल मीडिया

सुबह पीठ और रीढ़ में अकड़न महसूस होती है, तो मार्जरी आसन कर सकते हैं। इसके लिए घुटनों और हथेलियों के सहारे चौपाई की स्थिति में आ जाएं। सांस लेते हुए पेट नीचे करें और गर्दन हल्की ऊपर उठाएं। सांस छोड़ते हुए पीठ को ऊपर गोल करें और ठुड्डी को छाती की ओर लाएं। इस प्रक्रिया को 5 से 8 बार दोहराएं।

3. भुजंगासन

Cobra Pose
भुजंगासनफोटो.सोशल मीडिया

भुजंगासन पीठ की मांसपेशियों को सक्रिय करने वाला योगासन है। इसे करने के लिए पेट के बल लेट जाएं। हथेलियों को कंधों के पास रखें और सांस लेते हुए छाती को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं। ध्यान रखें कि कूल्हे जमीन पर रहें और कमर पर ज्यादा दबाव न पड़े। कुछ सेकंड रुककर वापस नीचे आ जाएं।

4. अधोमुख श्वानासन

Downward Facing Dog
अधोमुख श्वानासनफोटो.सोशल मीडिया

यह आसन शरीर को स्ट्रेच करने और कंधों, पीठ व पैरों की मांसपेशियों को सक्रिय करने में मदद करता है। इसे करने के लिए हथेलियों और पैरों के पंजों के सहारे शरीर को ऊपर उठाएं। कूल्हों को ऊपर की ओर ले जाकर शरीर को उल्टे V के आकार में रखें। घुटनों को जरूरत के अनुसार मोड़ सकते हैं। 15 से 20 सेकंड तक इस स्थिति में रहें।

5. बालासन

Child's Pose
बालासनफोटो.सोशल मीडिया

अगर सुबह शरीर में खिंचाव या थकान महसूस हो रही है तो बालासन कर सकते हैं। इसके लिए घुटनों के बल बैठें और शरीर को आगे की तरफ झुकाते हुए माथा जमीन पर टिकाएं। दोनों हाथों को सामने फैलाएं या शरीर के पास रखें। सामान्य सांस लेते हुए 30 से 60 सेकंड तक इस स्थिति में रहें।

6. वृक्षासन

Tree Pose
वृक्षासनफोटो.सोशल मीडिया

वृक्षासन शरीर का संतुलन सुधारने और एकाग्रता बढ़ाने में मदद करता है। इसे करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं। अब एक पैर को मोड़कर उसका तलवा दूसरे पैर की जांघ या पिंडली पर रखें। ध्यान रखें कि पैर घुटने पर न रखें। हाथों को नमस्कार की मुद्रा में जोड़ें और कुछ सेकंड संतुलन बनाए रखें। दोनों पैरों से इसका अभ्यास करें।

7 morning yoga poses for energy and fitness.
Calcium Rich Foods: दूध नहीं पीते तो कैल्शियम कैसे पूरा करें? डाइट में शामिल करें ये 7 चीजें

7. पवनमुक्तासन

Wind-Relieving Pose
पवनमुक्तासनफोटो.सोशल मीडिया

सुबह पेट में भारीपन की परेशानी रहती है, तो पवनमुक्तासन का अभ्यास कर सकते हैं। इसके लिए पीठ के बल लेट जाएं और दोनों घुटनों को मोड़कर छाती की ओर लाएं। हाथों से घुटनों को पकड़ें और सिर को आराम से जमीन पर रखें। सामान्य सांस लेते हुए कुछ सेकंड रुकें और फिर पैरों को वापस सीधा कर लें।

संबंधित खबरें

No stories found.