वडोदरा ब्रिज हादसा: BJP पर बरसी AAP, केजरीवाल बोले- क्यों बन रहे जानलेवा पुल?

AAP on Vadodara Bridge Collapse: वडोदरा ब्रिज हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी ने भारतीज जनता पार्टी सरकार की 30 वर्षों की भ्रष्ट और लापरवाह शासन व्यवस्था का परिणाम बताते हुए तीखे सवाल पूछे हैं।
Arvind Kejriwal
अरविंद केजरीवाल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

AAP on Vadodara Bridge Collapse: गुजरात के महीसागर नदी पर बने पुल के गिरने से हुई जनहानि पर आम आदमी पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी ने हादसे को भाजपा सरकार की 30 वर्षों की भ्रष्ट और लापरवाह शासन व्यवस्था का परिणाम बताते हुए तीखे सवाल उठाए हैं। 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, गुजरात प्रभारी गोपाल राय और प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी ने हादसे को दुखद बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। लेकिन अब एक बड़ा सवाल भी उठना चाहिए आखिर क्यों बार-बार गुजरात में इतने घटिया और जानलेवा पुल बन रहे हैं। जो भरभराकर गिर जाते हैं?”

और क्या कुछ बोले केजरीवाल?

उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार और लापरवाही पनप रही है और इसकी कीमत आम जनता को अपनी जान गंवाकर चुकानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि चाहे आरोपी कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उनके खिलाफ सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

गोपाल राय ने भी साधा निशाना

गोपाल राय ने वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाले पुल के टूटने को भाजपा के तथाकथित "विकास मॉडल" की असलियत बताया। उन्होंने कहा, “चाहे मोरबी पुल हादसा हो, राजकोट अग्निकांड या सूरत की त्रासदी। हर जगह भाजपा की लापरवाही ने हमेशा मासूमों की जान ली है। गुजरात अब और नहीं सहेगा, अब बदलाव तय है।”

ईशुदान गढ़वी ने बोला जोरदार हमला

‘आप’ के वरिष्ठ नेता ईशुदान गढ़वी ने भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने पहले ही पुल की स्थिति पर चिंता जताई थी, लेकिन सरकार ने उन्हें अनसुना किया। “मुख्यमंत्री कहते हैं कि 23 में से एक पुल गिरा, लेकिन सच्चाई यह है कि सरकार मौतों के बावजूद अपनी ज़िम्मेदारी और भ्रष्टाचार छुपा रही है।”

उन्होंने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में प्रशासन की मदद करें। आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि हादसे की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सज़ा मिले, तभी भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकेंगे और मासूमों की जान बचाई जा सकेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com