टाटा से नहीं संभल रही एयर इंडिया, गुस्साए कांग्रेस नेता बोले- सरकार वापस ले

Air India News: एयर इंडिया की सेवाएं पिछले कुछ महीनों में बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने केंद्र सरकार से एयर इंडिया को फिर से वापस लेने की मांग कर डाली है।
टाटा से नहीं संभल रही एयर इंडिया, गुस्साए कांग्रेस नेता बोले- सरकार वापस ले
मनीष तिवारी बोले- सरकार एयर इंडिया को फिर से वापस ले
Published on
Updated on

Congress Leader on Air India: कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से टाटा समूह से एयर इंडिया को वापस लेने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि टाटा ने एयरलाइन को बर्बाद कर दिया है और एयर इंडिया का निजीकरण करना एक असफल प्रयोग साबित हुआ है। चंडीगढ़ से कांग्रेस के सांसद मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, भारत सरकार को टाटा कंपनियों से एयर इंडिया वापस ले लेनी चाहिए। उन्होंने एयरलाइन को बर्बाद कर दिया है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब चाय उगाने वाले और कार बनाने वाले एयर इंडिया चला रहे हैं, जबकि इसमें कोई अनुभवी विमानन विशेषज्ञ नजर नहीं आता। मनीष तिवारी ने एयर इंडिया के साथ हाल ही में हो रही तमाम समस्याओं पर नजर डालते हुए इसकी खामियों को गिनाते हुए निजीकरण को गलत बताया।

कांग्रेस नेता ने टाटा समूह पर कसा तंज

मनीष तिवारी ने आगे लिखा, 'बिना किसी चेतावनी के उड़ानें रद्द कर दी जाती हैं, समय पर उड़ान नहीं भरतीं और कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता। पायलट और क्रू बताते हैं कि टाटा टी में चाय उत्पादक, टाटा स्टील में स्टील निर्माता और टाटा मोटर्स में कार निर्माता अब एयर इंडिया चला रहे हैं।'

उन्होंने दावा किया कि वह खुद पिछले 40 सालों से कई योग्य विमानन पेशेवरों को जानते हैं, लेकिन वर्तमान में एयर इंडिया का प्रबंधन पूरी तरह से अव्यवस्थित हो गया है। निजीकरण पर सवाल उठाते हुए तिवारी ने कहा, 'यह निजीकरण एक आपदा साबित हुआ है।'

जनवरी 2022 में एयर इंडिया का अधिग्रहण किया गया

बता दें कि जनवरी 2022 में सरकार ने खुली बोली प्रक्रिया के तहत एयर इंडिया को टाटा समूह को सौंप दिया था। यह सौदा करीब 18,000 करोड़ रुपये में हुआ था। वहीं, कांग्रेस नेता के बयान पर टाटा समूह या एयर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें एयर इंडिया के साथ अभी पिछले दिनों जब से अहमदाबाद विमान हादसा हुआ है उसी समय से लगातार कहीं न कहीं विमान में किसी न किसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं खबरों के देखते हुए कांग्रेस नेता के द्वारा इस तरह की बात कही जा सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com