T20 World Cup 2026: सुपर-8 से पहले टीम इंडिया की पोल खोल गए कोच, बताई सबसे बड़ी कमजोरी

T20 World Cup 2026: सुपर-8 से पहले टीम इंडिया की फील्डिंग चिंता का कारण बन गई है। गेंदबाजी कोच मार्ने मोर्कल ने माना कि लगातार छूट रहे कैच बड़े मैचों में भारी पड़ सकते हैं।
Morne Morkel On Indian Team Fielding
मोर्ने मोर्कल भारतीय टीम के साथ (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Morne Morkel On Indian Team Fielding: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब ग्रुप स्टेज के मुकाबले खत्म हो चुके हैं। 21 फरवरी से सुपर-8 का मुकाबला शुरू हो जाएगा। सुपर-8 के मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने भारतीय टीम ने बड़ी कमजोरी को उजागर किया है। उन्होंने फील्डिंग को लेकर चिंता जताई है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की फील्डिंग काफी चिंता का विषय रही है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में कुल 9 कैच टपकाए हैं। भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का भी मानना है कि टीम को अपनी इस कमजोरी पर काम करने की सख्त जरूरत है। ताकि भारतीय टीम इस मामले में भी और ज्यादा बेहतर हो सके।

खराब फील्डिंग बन सकती है परेशानी का सबब

रविवार को सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए मोर्कल ने माना कि खराब फील्डिंग और कैचिंग की वजह से बड़े मैचों में बाजी हाथ से फिसल सकती है। उन्होंने कहा, "यह एक सही सवाल है। क्षेत्ररक्षण पर हमें सबसे ज्यादा काम करने की जरूरत है। अच्छी फील्डिंग के दम पर हम दो रन और बाउंड्री को रोक सकते हैं। टूर्नामेंट के आखिरी फेज में कैचिंग काफी अहम रोल अदा करने वाली है। कोई भी कैच आसान नहीं होता है और सभी खिलाड़ी इस पर काफी काम कर रहे हैं।"

सबसे ज्यादा कैच छोड़ने के मामले में दूसरे नंबर पर भारत

टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने माना कि दबाव भरे मैचों में मुश्किल कैच पकड़ने से पासा पूरी तरह से पलट जाता है। शानदार कैच पकड़ने की वजह से हम बल्लेबाजी कर रही टीम की लय को बिगाड़ सकते हैं। भारतीय टीम की फील्डिंग अब तक टूर्नामेंट में सवालों के घेरे में रही है। ग्रुप स्टेज के बाद सबसे ज्यादा कैच टपकाने के मामले में भारत दूसरे नंबर पर है। टीम इंडिया से ज्यादा कैच सिर्फ आयरलैंड ने छोड़े हैं। आयरलैंड ने कुल 10 कैच छोड़े हैं।

ग्रुप स्टेज में लगातार चार जीत दर्ज की

हालांकि, भारतीय टीम ने सभी चार मैचों में जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 का टिकट हासिल किया है। भारतीय टीम के ग्रुप को 'ग्रुप ऑफ डेथ' भी कहा जा रहा है। भारत के ग्रुप में मौजूद सभी टीमें अभी तक टूर्नामेंट में अजेय रही हैं। दूसरे राउंड के पहले मैच में टीम इंडिया की भिड़ंत 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के साथ होनी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com