प्रियंका गांधी, राहुल गांधी व कंगना रनौत (सोर्स-सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी अपनी आने वाली फिल्म ‘इमरजेंसी’ देखने का न्योता दिया है। यह फिल्म उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन पर आधारित है। कंगना ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को भी यह न्योता दिया है। इस दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी की शान में कसीदे पढ़े जबकि दूसरी तरफ राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की है।
लोग कंगना के इस दोहरे रवैये को लेकर कन्फ्यूज दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि फिल्म 17 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में कंगना खुद बतौर निर्देशक और एक्टर काम कर रही हैं। वह फिल्म में इंदिरा गांधी का किरदार भी निभा रही हैं। कंगना रनौत ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में राहुल गांधी के व्यवहार की आलोचना की है। उन्होंने प्रियंका गांधी के स्वभाव को राहुल गांधी से बेहतर बताया।
संसद में प्रियंका गांधी से हुई बातचीत को याद करते हुए कंगना ने कहा, “जब मैं उनसे मिली तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि हमारी बहुत प्यारी बातचीत हुई। मुझे यह अच्छी तरह याद है। वह बहुत विनम्र हैं। वह अपने भाई के बिल्कुल विपरीत हैं। वह निश्चित रूप से समझदार हैं और जो भी कहती हैं वह सही होता है। मुझे उनसे बात करना बेहद अच्छा लगता है।”
कंगना रनौत ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा, “आप उनके भाई के बारे में तो जानते ही हैं। वह मुझे देखकर मुस्कुराए। उन्हें शिष्टाचार का कोई ज्ञान नहीं है। फिर भी मैं उन्हें फिल्म देखने के लिए आमंत्रित करती हूं।” इससे पहले भी कंगना राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान देती रही हैं।
फिल्म ‘इमरजेंसी’ में अनुपम खेर, श्रेया तलपड़े, अशोक छाबड़ा, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन, विशाल नायर और दिवंगत सतीश कौशिक जैसे कलाकारों का अहम योगदान है। यह फिल्म इंदिरा गांधी द्वारा 1975 से 1977 तक लगाए गए आपातकाल और उसके नतीजों पर आधारित है। आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र और राजनीति में एक काले अध्याय के रूप में देखा जाता है।
देश की अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
वहीं, कंगना रनौत के इस दोहरे रवैये के पीछे फूट डालने को वजह माना जा रहा है। इससे पहले भी कई मौकों पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर तरह-तरह की ख़बरें सामने आई हैं। कभी-कभी तो सोशल मीडिया मंचों पर यह भी दावे किए गए की राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की टीम अलग-अलग होकर काम करती है।