बुआलोई तूफान ने मचाई तबाही, वियतनाम में एक व्यक्ति की मौत; 12 लोग लापता

Typhoon Bualoi news: वियतनाम में चक्रवात बुआलोई ने गंभीर नुकसान पहुंचाया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई और 12 मछुआरे लापता हो गए। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण कई घर तबाह हो गए और बिजली के खंभे..
typhoon-bualoi-vietnam-homes-destroyed-floods-fishermen-missing
वियतनाम में बुआलोई तूफान ने मचाई तबाही, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Typhoon Bualoi Alert:  दक्षिण-पूर्वी एशिया पर चक्रवातों का कहर थम नहीं रहा। चक्रवात बुआलोई ने सोमवार को वियतनाम में भारी तबाही मचाई। इसके चलते कई घर ध्वस्त हो गए और तेज तूफानी हवाओं में बिजली के खंभे भी गिर गए। नेशनल वेदर फोरकास्ट एजेंसी की जानकारी के अनुसार, इस तूफान में 1 व्यक्ति की मौत हो चुकी है और 12 मछुआरे अभी लापता हैं। तेज बारिश और उफनती समुद्री लहरों के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। हवा की गति 88 से 117 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है।

वियतनाम में चक्रवात के तटों से टकराने से पहले लगभग 7 घंटे तक उस क्षेत्र में मंडराता रहा। इस दौरान समुद्र की लहरें 8 मीटर की ऊंचाई तक पहुंच गईं। हू सिटी में एक व्यक्ति बाढ़ में फंसकर अपनी जान गंवा बैठा, जबकि क्वांग त्री प्रांत में तेज समुद्री लहरों ने 12 मछुआरों सहित 4 नावों को बहा दिया।

28,500 लोग सुरक्षित बचाए गए

चक्रवात बुआलोई के टकराने से पहले, सरकार ने तटीय क्षेत्रों से 28,500 लोगों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। मौसम की खराबी के कारण कई उड़ानें रद्द कर दी गईं और कुछ फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। सरकार ने आपात स्थिति से निपटने के लिए हजारों सैनिकों को तैनात किया है। नघे आन (Nghe An) प्रांत की राजधानी विन्ह (Vinh) में लोग अपने घरों की सुरक्षा में जुटे हैं छतों को मज़बूत कर रहे हैं, नावों को बांध रहे हैं और पानी से भरे बोरे छतों पर रखकर संभावित नुकसान कम करने की कोशिश कर रहे हैं।

बाढ़ और भूस्खलन के हालात

वियतनाम में शनिवार से ही चक्रवात बुआलोई की वजह से भारी बारिश हो रही है, जिससे कई क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति बन गई है। रविवार को भी तेज बारिश जारी रही, लेकिन चक्रवात के तट से टकराने के बाद राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

फिलिपींस में 10 की मौत

बुआलोई तूफान के वियतनाम पहुंचने से पहले ही इसने फिलिपींस में भारी तबाही मचाई। इस खतरनाक तूफान के चलते वहां कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई घरों तथा फसलों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा। इससे पहले, फिलिपींस में चक्रवात रगासा ने दस्तक दी थी, जिसकी वजह से ताइवान, हांगकांग और चीन में भी आपातकालीन अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की चेतावनी दी है, क्योंकि बुआलोई के चलते भारी बारिश और तूफानी हवाओं का खतरा अब भी बरकरार है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com