विदेश दौरे से लौटे प्रतिनिधिमंडल से पीएम मोदी ने की मुलाकात, शशि थरूर और आजाद के साथ स्पेशल बात!

पीएम मोदी ने नेताओं से अपने आवास पर सर्वदलीय प्रतिनिधमंडल से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी कांग्रेस सांसद शशि थरूर और पूर्व राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद के साथ अलग अंदाज में चर्चा करते हुए दिखाई दिए।
विदेश दौरे से लौटे प्रतिनिधिमंडल से पीएम मोदी ने की मुलाकात, शशि थरूर और आजाद के साथ स्पेशल बात!
विदेश दौरे से लौटे प्रतिनिधिमंडल से पीएम मोदी ने की मुलाकात (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पाकिस्तान को दुनिया भर में बेनकाब करने वाले प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में कई दलों के नेता शामिल थे। पीएम मोदी ने नेताओं से अपने आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी कांग्रेस सांसद शशि थरूर और पूर्व राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद के साथ अलग अंदाज में चर्चा करते हुए दिखाई दिए।

सदस्यों ने प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। केंद्र सरकार पहले ही 50 से अधिक व्यक्तियों वाले सात प्रतिनिधिमंडलों के काम की प्रशंसा कर चुकी है, जिनमें ज्यादातर मौजूदा सांसद हैं। इन प्रतिनिधिमंडलों में पूर्व सांसद और पूर्व राजनयिक भी शामिल थे, जिन्होंने 33 विदेशी राजधानियों और यूरोपीय संघ का दौरा किया।

विदेश मंत्री ने की सराहना

विदेश मंत्री एस जयशंकर प्रतिनिधिमंडलों से पहले ही मुलाकात कर चुके हैं। जिसके बाद उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत रुख को व्यक्त करने में उनके प्रयासों की सराहना की है। चार प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व सत्तारूढ़ गठबंधन के सांसदों ने किया, जिनमें भाजपा के दो, जेडीयू का एक और शिवसेना का एक सांसद शामिल था, जबकि तीन का नेतृत्व विपक्षी सांसदों ने किया, जिनमें डीएमके, कांग्रेस और एनसीपी(एसपी) के एक-एक सांसद शामिल थे।

किन सांसदों ने किया नेतृत्व

भाजपा के रविशंकर प्रसाद और बैजयंत पांडा, कांग्रेस के शशि थरूर, जेडी(यू) के संजय झा, शिवसेना के श्रीकांत शिंदे, डीएमके की कनिमोझी और एनसीपी(एसपी) की सुप्रिया सुले ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुटता का संदेश देने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजा था, जिसमें एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस सांसद शशि थरूर जैसे लोग विदेशों में भारत के हितों की पैरवी करने के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्यों के साथ गए थे। प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख पूर्व सांसदों में पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद और सलमान खुर्शीद शामिल थे।

आपको जानकारी के लिए बता दें कि भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और बहावलपुर में 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। भारत ने पाकिस्तान को यह जानकारी भी दी थी कि हमने केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com