
सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त बस
कोरापुट: ओडिशा के कोरापुट जिले में रविवार सुबह एक बस के पलट जाने से चार यात्रियों की मौत हो गई और 40 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा बोइपारीगुडा थाना क्षेत्र में गुप्तेश्वर के पास डोकरीघाट में तड़के करीब साढ़े पांच बजे हुआ। उसने बताया कि बस कटक के नियाली से लगभग 50 श्रद्धालुओं को लेकर गुप्तेश्वर मंदिर जा रही थी। एक अधिकारी ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस ने घायल यात्रियों को बचाया तथा उन्हें बोइपारीगुडा अस्पताल में भर्ती कराया।
अधिकारी ने आगे बताया कि संदेह है कि पहाड़ी सड़क के कठिन मोड़ पर वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। उन्होंने बताया कि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनमें से कई ने अपने हाथ और पैर खो दिए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का जिला मुख्यालय अस्पताल में उपचार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।पुलिस के अनुसार हादसे के शिकार हुए लोग कटक जिले के निआली क्षेत्र के निवासी हैं। यहां के कुछ परिवारों ने एक बस किराए पर लेकर राज्य के विभिन्न मंदिरों के दर्शन के लिए यात्रा पर थे। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। ये लोग कल कालाहांडी में मां मणिकेश्वरी के दर्शन के बाद रविवार काे कोरापुट के प्रसिद्ध शैव क्षेत्र गुप्तेश्वर जा रहे थे।
देश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
बताया गया कि आज सुबह बस जैसे ही डकरी घाटी के करीब पहुंची ताे वहां से गुजरते समय वह सुकु नाला के पास पलट कर गहरी खाई में गई। इससे यात्रियाें में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियाें को वहां से निकाला और उन्हें रामगिरि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बैपरिगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। अभी हादसे में मृतकाें और घायलाें की पहचान के बारे में विस्तृत विवरण नहीं मिला है। घायलों में कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एक नाबालिग लड़की का एक पैर और एक हाथ कट जाने की भी जानकारी मिली है।






