File Photo
नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे देश भर में पहुंच रहा है। अब तक केरल और महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आंतरिक और तटीय कर्नाटक, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना में आज भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, नौतपा की बजह से भीषण गर्मी के जारी रहने के साथ-साथ उत्तर भारत के कुछ राज्यों में उमस भी परेशान करेगी। हालांकि, इस बार भारी बारिश के आगे नौतपा फेल दिख रहा है।
केरल से शुरू हुआ मानसून आगे बढ़कर मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में दस्तक दे चुका है। यह बंगाल की खाड़ी के मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों, मिजोरम के बचे हुए हिस्सों, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भी पहुंच चुका है। अनुकूल परिस्थितियों के कारण यह अगले 2-3 दिनों में इन राज्यों के बाकी हिस्सों को भी कवर कर लेगा।
भारी मानसूनी बारिश के कारण केरल और महाराष्ट्र में हालात खराब हो गए हैं। मंगलवार (27 मई) को महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में भारी बारिश के कारण 5 लोगों की मौत हो गई।
नांदेड़ और बीड जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
केरल में भारी बारिश के कारण फसलें बर्बाद हो गई हैं और रेल व सड़क यातायात बाधित हुआ है, जबकि तमिलनाडु के नीलगिरी में लगातार बारिश के कारण बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
दिल्ली एनसीआर में एक ओर जहां बारिश के बाद परेशानी बढ़ गई हैा तो वहीं आज गर्मी और उमस के कारण पसीना छूटेगा। इस दौरान आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन इससे तापमान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है। 29 और 30 मई को आंधी और बारिश तेज हो सकती है। इसके बाद 4-5 दिनों तक प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।
अब नहीं बजेंगे सायरन…और नहीं फैलेगा अंधकार, आखिर क्यों कैंसिल हो गया ‘ऑपरेशन शील्ड’?
राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में लू जारी रहेगी, जबकि कई इलाकों में आंधी और बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में आज लू चलने की भी संभावना है। 28 मई से 2 जून तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में बिजली गिरने, आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। बिहार के 12 जिलों में आज बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।