पीएम मोदी व नेपथ्य में इंदिरा गांधी (डिजाइन फोटो)
PM Modi in Rajya Sabha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दिया। उच्च सदन में पीएम मोदी ने न केवल केंद्र की एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, बल्कि कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर जोरदार हमला भी बोला। इस दौरान पीएम मोदी ने इंदिरा गांधी के एक ऐसे भाषण का जिक्र किया जो आपने शायद ही सुना होगा।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने इंदिरा गांधी के एक पुराने भाषण का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला किया। जिसके बाद हर एक जेहन में यह उत्सुक्ता होने लगी है कि आखिर इंदिरा गांधी ने ऐसा कौन सा भाषण दिया था, जिसका दशकों बाद अब कांग्रेस के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
राज्य सभा में पीएम ने कहा कि आज दुनिया भारत को भरोसे की नजर से देख रही है। इस दौरान उन्होंने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी से जुड़ा एक किस्सा सुनाया और बताया कि उस समय प्लानिंग कमीशन कैसे काम करता था, जहां असली समस्या का समाधान कभी नहीं हो पाता था। उन्होंने राज्यसभा में ‘खच्चर-जीप मॉडल’ का जिक्र किया।
पीएम मोदी ने कहा, “इंदिरा गांधी ने कहा था- ‘हमने कहा कि पहाड़ी इलाकों में हमारे मजदूरों को खच्चरों की जरूरत है, जीपों की नहीं। तब प्लानिंग कमीशन ने कहा कि हम सिर्फ जीपों के लिए पैसे देंगे, खच्चरों के लिए नहीं, क्योंकि खच्चरों के लिए पैसे देने की ऐसी कोई पॉलिसी नहीं है।’ उस समय वहां सड़कें नहीं थीं।”
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह इंदिरा गांधी का तरीका था। हमारे देश के एक नेता हिमाचल प्रदेश के दौरे पर थे और वहां से लौटने के बाद उन्होंने खुद यह घटना कहीं सुनाई थी। नेता ने कहा कि उन्हें प्लानिंग कमीशन के साथ लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा क्योंकि वे लंबे समय तक पहाड़ी इलाकों के लिए अलग योजनाएं बनाने को तैयार नहीं थे।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के लंबे शासन के दौरान यही काम करने का तरीका रहा है। इंदिरा गांधी जानती थीं कि यह भ्रष्टाचार चल रहा है, लेकिन उन्होंने इसे ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। जिस योजना आयोग को वह खत्म कर रही थीं, उसे असल में उनके अपने पिता ने बनाया था।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि साल 2014 तक हर कोई इस स्थिति से परेशान था, लेकिन कोई भी सुधार लाने के लिए तैयार नहीं था। जब हमें 2014 में मौका मिला तो हमने उस कमीशन को खत्म कर दिया और नीति आयोग बनाया जो आज तेजी से काम कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो इच्छाशक्ति थी और न ही नीति। देश अब ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार हो गया है। 2014 से पहले कांग्रेस नेताओं के फोन कॉल पर बड़े-बड़े लोन दिए जाते थे। NPA बढ़ रहे थे। हमने बैंकिंग सेक्टर को भरोसे में लिया, सुधार लागू किए और आज NPA एक प्रतिशत से भी कम हो गया है।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा में मोदी का संबोधन: हंगामे की बीच PM ने की युवाओं के ‘मन की बात’, कांग्रेस पर किया करारा प्रहार
उन्होंने बिना गारंटी के मुद्रा लोन से लेकर PSUs के रिकॉर्ड मुनाफे तक हर चीज़ का ज़िक्र किया और कहा कि ये PSU मेक इन इंडिया पहल को पूरा कर रहे हैं। इन PSUs को कांग्रेस नेताओं ने बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया था। हमने किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को चार लाख करोड़ रुपये भेजे हैं। हमें छोटे किसानों की बहुत चिंता है।