Bribery: इनकम टैक्स कमिश्नर को CBI ने किया गिरफ्तार, 70 लाख रूपये रिश्वत लेने का आरोप
सीबीआई ने हैदराबाद में इनकम टैक्स कमिश्नर को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। एक मामले का निपटारा करने के लिए कमिश्नर पर 70 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। मामले में FIR दर्ज कर ली गई है।
- Written By: Saurabh Pal
प्रतीकात्मक तस्वीर-रिश्वतखोरी (फोटो-सोशल मीडिया)
नई दिल्लीः केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रिश्वत मामले में इनकम टैक्स कमिश्नर को गिरफ्तार किया है। शनिवार को CBI अधिकारियों ने बताया कि शापूरजी पल्लोनजी समूह के पक्ष में एक अपील का निपटारा करने के लिए कथित तौर पर 70 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में हैदराबाद के आईटी कमिश्नर (छूट) जीवन लाल लाविडिया को गिरफ्तार किया है।
अधिकारी ने कहा कि 2004 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी लाविडिया को शापूरजी पल्लोनजी समूह के उप महाप्रबंधक (कराधान) विरल कांतिलाल मेहता; साईराम पालीसेट्टी; नट्टा वीरा नागा श्री राम गोपाल; और साजिदा मजहर हुसैन शाह के साथ गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई ने लाविडिया और 14 अन्य संस्थाओं के खिलाफ FIR
सम्बंधित ख़बरें
फाइल निस्तारण के नाम पर मांगी 50 हजार रिश्वत; GST की डिप्टी कमिश्नर गिरफ्तार, रंगे हाथ पकड़ी गई अंबिका
Lalu Yadav Bail: सुप्रीम कोर्ट से लालू यादव को बड़ी राहत, देवघर चारा घोटाला में जमानत रहेगी बरकरार
नागपुर: कोयला घोटाले में CBI की एफआईआर, वेस्ट कोयले के खेल में घिरे रेलवे अधिकारी
छत्रपति संभाजीनगर: दिवंगत बाबा फरजन के फार्महाउस पर फिर छापा; नकदी, आभूषण और हथियारों की जांच तेज
गिरफ्तारियों पर शापूरजी पल्लोनजी समूह की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। सीबीआई के अनुसार, शाह हैदराबाद में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय के तहत आयकर आयुक्त (अपील इकाई-8 और इकाई-7) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे लाविडिया को कथित तौर पर रिश्वत दे रहे थे। सीबीआई ने लाविडिया और 14 अन्य लोगों तथा संस्थाओं के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि अधिकारी बिचौलियों के साथ मिलीभगत करके अपने समक्ष लंबित अपीलों का निजी पक्षों के पक्ष में निपटारा करने के लिए अनुचित लाभ प्राप्त करने की भ्रष्ट और अवैध गतिविधियों में लिप्त थे।
सीबीआई ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि जाल बिछाकर एक आरोपी को मुंबई में आयुक्त की ओर से 70 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा लिया गया। इसके बाद लाविडिया और उसके साथियों को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि एजेंसी ने मुंबई, हैदराबाद, खम्मम, विशाखापत्तनम और नयी दिल्ली में 18 स्थानों पर छापेमारी कर रिश्वत की रकम के अलावा लगभग 69 लाख रुपये नकदी बरामद किए। सभी आरोपियों को मुंबई, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में विशेष सीबीआई अदालतों में पेश किया गया।
