भारी बारिश से असम के कई हिस्सों में मची तबाही, भूस्खलन में पांच लोगों की मौत

असम के कई हिस्सों में भारी बारिश की वहज से तबाही मच गई। असम में बाढ़ आने से 10 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। खबर है कि असम में आए भाढ़ और भूस्खलन के कारण 5 लोगों की मौत हो गई है।
भारी बारिश से असम के कई हिस्सों में मची तबाही, भूस्खलन में पांच लोगों की मौत
फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

गुवाहाटी : असम में पिछले 24 घंटों में हुए भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण छह जिलों में बाढ़ आ गई है, जिससे 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में 31 मई दिन शनिवार को यह जानकारी दी गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने कहा कि सभी पांच लोगों की मौत कामरूप महानगर जिले में हुई हैं।

राज्य के शहरी मामलों के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने शुक्रवार को बताया था कि गुवाहाटी के बाहरी इलाके बोंडा क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आकर तीन महिलाओं की मौत हो गई। उन्होंने कहा था कि कई एजेंसियां ​​प्रभावित लोगों के लिए राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, क्योंकि शुक्रवार को शहर के अधिकांश इलाकों में भारी जलभराव की खबरें आई थीं।

कुल 10,150 लोग हुए प्रभावित

एएसडीएमए बुलेटिन में कहा गया है कि कामरूप महानगर, कामरूप और कछार के पांच राजस्व क्षेत्रों के शहरी इलाकों में बाढ़ की सूचना मिली है। कुल 10,150 लोग प्रभावित हुए हैं तथा दो शिविर और एक राहत वितरण केन्द्र खोला गया है। बुलेटिन में कहा गया है कि तीन जिलों धेमाजी, लखीमपुर, गोलाघाट के आठ राजस्व क्षेत्रों के शहरी इलाकों में बाढ़ की जानकारी मिली है।

करीब 2,000 लोग प्रभावित हुए हैं, हालांकि बाढ़ प्रभावित शहरी इलाकों में अब तक कोई शिविर या राहत वितरण केंद्र चालू नहीं है। उत्तरी लखीमपुर राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत एक 'रिंग बांध' (एक प्रकार का बांध) टूट गया है।

बुलेटिन के अनुसार, प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग ने चिरांग, बक्सा, बारपेटा, बोंगाईगांव, बजाली, तामुलपुर, दरांग और उदलगुड़ी जिलों के लिए शनिवार को रेड अलर्ट जारी किया गया है।

(- एजेंसी इनपुट के साथ।)

Navbharat Live
navbharatlive.com