महाराष्ट्र में मौसम का मिज़ाज बदला, ठंड और बादलों का डबल असर, 24 घंटे में राज्य में बढ़ेगी शीतलहर

Maharashtra Weather Forecast: महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों में शीतलहर बढ़ने की संभावना है जबकि बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के अप्रत्यक्ष असर से कुछ इलाकों में बादल और तापमान में उतार-चढ़ाव है।
cold wave alert
Maharashtra Weather Forecast:महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों में शीतलहर (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Pune News: उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के असर से महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से ठंड बढ़ रही थी। हालांकि, अब उत्तर दिशा से ठंडी हवाओं की रफ्तार कम होने और बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुबह के समय कोहरा और ओस देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य में न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, हल्के बादल छाए रहेंगे और पाले की तीव्रता भी कम रहेगी।

विदर्भ में हाल ही में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था, लेकिन अब ठंड में कुछ कमी आती दिखाई दे रही है। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन मौसम में हलचल पैदा कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बादल छाए रहने और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से फिलहाल ठंड में कमी आई है, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे ठंड फिर बढ़ने की संभावना है। विशेष रूप से विदर्भ और उत्तरी महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है।

हल्की बूंदाबांदी

मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में रात के समय हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि सुबह कुछ जिलों में कोहरा भी देखने को मिल सकता है। इसी बीच, मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके 10 जनवरी के आसपास श्रीलंका के तट को पार करने की संभावना है। इस सिस्टम के कारण दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

डीप डिप्रेशन का अप्रत्यक्ष असर

डीप डिप्रेशन के अप्रत्यक्ष प्रभाव के चलते महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभा ने विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र के कुछ जिलों में शीतलहर की चेतावनी भी जारी की है। वहीं, कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र में बादल छाए रहने का अनुमान है।

पुणे और पश्चिमी महाराष्ट्र

पुणे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा रहने की संभावना है, जबकि दिन के समय आसमान अधिकतर साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। सतारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर में सुबह हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। दोपहर में धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा, जिससे ठंड और गर्मी का मिला-जुला एहसास होगा।

उत्तर महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ

उत्तर महाराष्ट्र के नासिक, धुले, जलगांव, नंदुरबार और अहमदनगर जिलों में शीतलहर का असर जारी रहेगा और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, बीड, लातूर, नांदेड़ और परभणी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि सुबह कोहरा और रात में पाले का असर महसूस किया जा सकता है। विदर्भ के नागपुर, अमरावती, अकोला, वर्धा और चंद्रपुर जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

अगले कुछ दिनों का अनुमान

राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह कोहरा, रात में हल्की बूंदाबांदी और दिन में हल्की गर्मी बनी रहेगी। मुंबई-पुणे समेत अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का असर जारी रहेगा, हालांकि न्यूनतम तापमान में बहुत अधिक गिरावट के संकेत नहीं हैं।

लोगों के लिए सलाह

तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनें, कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ठंडी हवाओं से खुद को सुरक्षित रखें। कुल मिलाकर, आज पूरे महाराष्ट्र में हल्की ठंड और स्थिर मौसम बना रहेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com