नई दिल्ली. कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 (2024 General Elections) के लिए 16 सदस्यीय घोषणापत्र समिति (Manifesto Committee) का गठन किया है। पी. चिदंबरम (P Chidambaram) को घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव (TS Singh Deo) को संयोजक नियुक्त किया गया।
बता दें कि यह पहली बार है कि कांग्रेस ने इतनी जल्दी लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र तैयार करने के लिए एक समिति की घोषणा की है। कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि घोषणापत्र समिति जनता से सुझाव मांग सकती है।
Congress constitutes Manifesto Committee for the 2024 General Elections. P Chidambaram appointed as the Chairman and TS Singh Deo as the Convenor of the Manifesto Committee. pic.twitter.com/U6h3NJqxUf — ANI (@ANI) December 22, 2023
घोषणापत्र समिति में चिदंबरम और टीएस सिंह देव के अलावा, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, आनंद शर्मा, शशि थरूर, जयराम रमेश (कांग्रेस महासचिव – संचार) और मणिपुर के पूर्व उप मुख्यमंत्री गायखंगम गंगमेई, गौरव गोगोई, ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रमुख प्रवीण चक्रवर्ती, के राजू (एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक), अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख इमरान प्रतापगढ़ी, ओंकार सिंह मरकाम (मध्य प्रदेश विधायक), रंजीत रंजन (राज्यसभा सांसद), जिग्नेश मेवाणी (गुजरात विधायक) और एआईसीसी सचिव (प्रशासन) और पार्टी अध्यक्ष के कार्यालय में समन्वयक गुरदीप सप्पल भी शामिल हैं।