मौसम का हाल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Weather Forecast: पिछले दो-तीन से महाराष्ट्र के चंद्रपुर पर सूर्यदेव कहर बरपा रहे हैं। यह शहर देश का सबसे ज्यादा तपने वाला शहर बन गया है। यहां का पारा 46 डिग्री के करीब पहुंच गया है। जिसकी वजब से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, चंद्रपुर जिले में इन दिनों सूरज आग उगल रहा है। पिछले 3 दिनों से जिले का तापमान 45 से 46 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को जिले में सबसे अधिक 45.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को भी जिले में 45.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखी गई, जहां तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 5.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बताया कि इसकी तुलना में दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस अवधि में पिछले छह वर्षों में सबसे अधिक तापमान रहा था।
जबकि दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.2 डिग्री अधिक है। दिल्ली में दिन के दौरान आर्द्रता का स्तर 17 से 26 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी के कई मौसम निगरानी केंद्रों ने भी दिन का उच्च तापमान दर्ज किया। रिज में 41.7 डिग्री सेल्सियस, आया नगर में 41.1 डिग्री, नरेला में 40 डिग्री और पालम में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी ने दिल्ली में बुधवार को आसमान साफ रहने तथा 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। उसने बताया कि राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम से संबंधित अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही और शाम चार बजे एक्यूआई 227 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)