
कॉन्सेप्ट फोटो
नवभारत डेस्क: प्रधानमंत्री की ‘गायब’ वाली तस्वीर को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की एक पोस्ट पर उसे आड़े हाथ लिया है जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संकट के समय ‘गायब’ नेता के रूप में दर्शाने की कोशिश की गई है। कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में प्रधानमंत्री की किसी पुरानी तस्वीर को उनके नाम के बिना दिखाया गया है जिसमें केवल परिधान दिखाई दे रहे हैं और शरीर दिखाई नहीं दे रहा है।
कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर जारी इस पोस्ट में ऊपर ‘गायब’ लिखा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस को सीधे पाकिस्तान से आदेश मिल रहा है। वहीं अमि मालवीय ने इसे मुस्लिम वोट बैंक के लिए हथकंडा बताया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक में एकजुटता पर जोर दिया था, लेकिन उसकी जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष समेत कुछ नेता पाकिस्तान से बातचीत करने का सुझाव दे रहे हैं। भंडारी ने कहा कि पाकिस्तान के एक पूर्व मंत्री ने कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जहां कांग्रेस के लिए बल्लेबाजी कर रहा है, वहीं कांग्रेस पाकिस्तान के लिए गेंद डाल रही है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद कुछ दिन तक एक स्वर में बोलने के बाद सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच अब आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं।
देश की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
भाजपा ने कई कांग्रेस पदाधिकारियों की विवादास्पद टिप्पणियों का हवाला देते हुए उन पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाया है तथा आतंकवादियों और उनके प्रायोजकों के खिलाफ कार्रवाई में सरकार को समर्थन देने में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की गंभीरता पर सवाल उठाया है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उनके सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होने और बिहार में विकास परियोजनाओं की शुरुआत के मौके पर आयोजित एक सभा को संबोधित करने के लिए उनकी आलोचना की है। कांग्रेस ने इसे राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ा है।(एजेंसी इनपुट के साथ)






