प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और सर्दी ने दस्तक दे दी है। मैदानी इलाकों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत में बढ़ी ठिठुरन, दिल्ली में पारा 11 डिग्री उत्तर भारत में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली में ठंड लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली में रात के समय पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसके चलते लोगों ने ठंडी हवाओं का स्पष्ट अहसास किया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तापमान में कमी को देखते हुए स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी जारी की है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 360 दर्ज किया गया था, जो “बेहद खराब” श्रेणी में आता है।
पश्चिमी मध्य प्रदेश, पंजाब, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह-सुबह हल्के कोहरे की परत नजर आई, जिससे दृश्यता में हल्की कमी देखी गई। उत्तर प्रदेश में भी ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह से ही अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। यूपी में न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। अनुमान है कि 26 से 28 नवंबर के बीच तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट और देखने को मिल सकती है, जो ठिठुरन को बढ़ाएगी।
बिहार में मौसम बदलने लगा है और आने वाले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, राजधानी पटना और आसपास के जिलों में सुबह के समय हल्के कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ने की संभावना है।
राजस्थान और हिमाचल में सर्दी चरम पर उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी ठंड अपने चरम पर है। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बर्फबारी देखने को मिली है। मनाली में 23 नवंबर को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बर्फीली राहों पर फिसलन बढ़ने के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने को कहा है। राजस्थान के कई शहरों में भी तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। शेखावाटी क्षेत्र में सर्दी चरम पर है; अजमेर में न्यूनतम तापमान 11.4°C और भीलवाड़ा में 10.8°C रिकॉर्ड किया गया। सीकर में पारा 8.2°C तक गिर गया, जो राज्य में सबसे कम तापमानों में से एक था।
यह भी पढ़ें: दुनियाभर को हथियार बेचता है अमेरिका…खुद खरीद रहा जापानी मिसाइल, जानिए क्या है इसके पीछे की कहानी?
महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में रात के तापमान में थोड़ा उछाल आ सकता है, लेकिन पश्चिमी मध्य प्रदेश में शीतलहर जैसी परिस्थितियां विकसित हो सकती हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि कोहरा और शुष्क ठंड स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है। इसलिए लोगों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों, को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को कोहरे के दौरान धीमी गति से गाड़ी चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की हिदायत दी गई है।