ताजी हरी पत्तियां (सौ. फ्रीपिक)
Ayurvedic Leaves Benefits: भीषण गर्मी की शुरुआत होते ही शरीर में ब्लड प्रेशर, मुंहासे और पाचन जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। जहां आधुनिक चिकित्सा तुरंत राहत देती है वहीं आयुर्वेद इन रोगों को जड़ से मिटाने की शक्ति रखता है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं ऐसी चमत्कारी पत्तियों के बारे में जो आपको गर्मियों में भी फौलाद जैसा मजबूत रखेंगी।
भारत में प्राचीन काल से ही जड़ी-बूटियों का विशेष महत्व रहा है। आयुर्वेद न केवल बीमारियों का इलाज करता है बल्कि यह भी सिखाता है कि रोगों को खुद से दूर कैसे रखा जाए। गर्मियों के मौसम में शरीर को डिटॉक्स करने और बीमारियों से बचाने के लिए ये पत्तियां किसी सुपरफूड से कम नहीं हैं।
नीम की पत्तियां अपने एंटी-बैक्टीरियल और रक्त शोधक गुणों के लिए जानी जाती हैं। गर्मियों में होने वाले फोड़े-फुंसी, मुंहासे और एलर्जी को दूर करने में यह सबसे कारगर है। शुगर और बुखार के मरीजों के लिए भी नीम की कोमल पत्तियों को चबाना या इनका जूस पीना बेहद फायदेमंद होता है।
सहजन के पत्ते स्वाद में कड़वे नहीं होते, लेकिन सेहत के लिए कमाल के हैं। शरीर में खून की कमी, कमजोरी और पाचन की सुस्ती को दूर करने के लिए सहजन की पत्तियों का सूप या जूस पिएं। यह ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में भी मदद करता है।
शीशम की पत्तियां महिलाओं के स्वास्थ्य, विशेषकर गर्भाशय संबंधी समस्याओं के लिए दवा की तरह काम करती हैं। अनियमित मासिक धर्म या सफेद पानी की समस्या में इन पत्तों को मिश्री के साथ पीसकर सुबह खाली पेट पीना रामबाण इलाज माना जाता है।
यह भी पढ़ें:- Navratri Special: नवरात्रि के पांचवे दिन मां स्कंदमाता को लगाएं उनकी पसंदीदा चीज का भोग, बरसेगी असीम कृपा
त्वचा रोगों और फंगल इंफेक्शन से बचाव के लिए बरगद के पत्तों का सेवन बहुत लाभकारी है। इन पत्तों को पानी में उबालकर उस पानी का सेवन करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और त्वचा अंदर से साफ होती है।
आयुर्वेद में पीपल के पत्तों को महत्वपूर्ण औषधि माना गया है। पथरी और सिस्ट जैसी जटिल समस्याओं में पीपल के पत्तों का रस पीने की सलाह दी जाती है। यह शरीर को अंदरूनी रूप से हील करने में मदद करता है।
आयुर्वेद की ये औषधियां बेहद प्रभावशाली हैं लेकिन इनका सेवन शुरू करने से पहले एक बार किसी कुशल चिकित्सक या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।