पेड़ पर अटके चंपकचाचा, सामने आया नाग, जेठालाल फिर हुए गायब, गोकुलधाम में मचा हाहाकार

Champaklal Stuck On Tree: ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में इन दिनों जबरदस्त ट्विस्ट देखने को मिल रहा है। चंपकलाल पेड़ पर फंस गए हैं और नाग की एंट्री ने गोकुलधाम में अफरा-तफरी मचा दी है।
Champaklal
तारक मेहता का उल्टा चश्मा (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ सालों से दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है। हर हफ्ते नए ट्विस्ट और मजेदार कहानी के चलते यह शो हमेशा चर्चा में रहता है। इन दिनों कहानी का फोकस चंपकलाल गड़ा पर है, जिनकी एक छोटी सी कोशिश अब बड़ी मुसीबत बन गई है।

पेड़ पर फंसे चंपकलाल

शो में दिखाया जा रहा है कि जेठालाल अपने काम के सिलसिले में अलीबाग गए हुए हैं, जबकि गोकुलधाम सोसायटी में चंपकलाल बच्चों की पतंग उतारने के लिए पेड़ पर चढ़ जाते हैं। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन कुछ ही देर में चंपकलाल पेड़ पर अटक जाते हैं और नीचे उतर नहीं पाते। टपु सेना और सोसायटी के बाकी सदस्य उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने की पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन हर प्रयास नाकाम साबित होता है। कॉमेडी के बीच हल्का सा टेंशन भी देखने को मिल रहा है, जिसने कहानी को और दिलचस्प बना दिया है।

नाग की एंट्री से बिगड़े हालात

कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है, जब पेड़ पर अचानक एक नाग आ जाता है। गोकुलधाम वाले मिलकर एक लंबी सीढ़ी बनाते हैं ताकि चंपकलाल नीचे उतर सकें। जैसे ही वह सीढ़ी के सहारे उतरने लगते हैं, तभी नाग दिखाई देता है। नाग को देखकर चंपकलाल घबरा जाते हैं और इसी डर के बीच सीढ़ी गिरकर टूट जाती है। हालात और भी बिगड़ जाते हैं क्योंकि नाग धीरे-धीरे चंपकलाल की ओर बढ़ने लगता है।

गोकुलधाम वालों की अजीबो-गरीब कोशिशें

नाग को भगाने के लिए सोसायटी वाले कई अनोखे जुगाड़ करते हैं। आत्माराम भिड़े ने नेवले का सॉफ्ट टॉय लाने की कोशिश की, ताकि नाग डर जाए। इसके बाद पोपटलाल अपना छाता फेंकते हैं, ताकि चंपकलाल उससे खुद को ढक सकें। लेकिन किस्मत यहां भी साथ नहीं देती। छाता पकड़ने की कोशिश में चंपकलाल उसी के सहारे पेड़ पर और अटक जाते हैं। अब उनकी हालत पहले से ज्यादा खराब हो जाती है।

टपु परेशान, जेठालाल का इंतजार

अपने दादाजी को इस हालत में देखकर टपु काफी परेशान नजर आता है। अब दर्शकों की नजर आने वाले एपिसोड्स पर टिकी है कि गोकुलधाम वाले आखिर कैसे चंपकचाचा को इस मुसीबत से बाहर निकालेंगे। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जेठालाल को इस पूरे वाकये की खबर मिलेगी, तो उनका रिएक्शन कैसा होगा। यही सस्पेंस शो को और मजेदार बना रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com