पीरागढ़ी मिस्ट्री पर बड़ा खुलासा, तांत्रिक कमरुद्दीन ने धनवर्षा के नाम पर खिलाए थे जहरीले लड्डू, पहले भी...

Peeragarhi Car Death Case: दिल्ली पुलिस ने पीरागढ़ी में कार से मिले तीन शवों की गुत्थी सुलझा ली। 72 साल के तांत्रिक कमरुद्दीन ने धनवर्षा का झांसा देकर तीनों को जहरीले लड्डू खिलाकर मौत के घाट उतारा था।
delhi flyover murder case
पुलिस हिरासत में तांत्रिक कमरुद्दीन, फोटो- सोशल मीडिया
Updated on

Delhi Triple Murder Case: राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में एक कार के भीतर तीन लाशें मिलने से मची सनसनी के पीछे की खौफनाक सच्चाई सामने आ गई है। पुलिस जांच के अनुसार, यह कोई हादसा नहीं बल्कि अंधविश्वास और लालच के जाल में बुना गया एक सोची-समझी साजिश थी, जिसे एक बुजुर्ग तांत्रिक कमरुद्दीन ने अंजाम दिया था।

दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में रविवार को पीरागढ़ी के पास खड़ी एक कार से तीन शव बरामद हुए थे, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मृतकों की पहचान रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी के रूप में की है। शुरुआत में यह मामला एक रहस्य बना हुआ था, लेकिन पुलिस की कड़ी जांच और सर्विलांस के बाद 72 वर्षीय स्वयंभू तांत्रिक कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया गया।

'धनवर्षा' का दिया था झांसा

पूछताछ में आरोपी कमरुद्दीन ने कबूल किया कि उसने इन तीनों को तंत्र-मंत्र के जरिए 'धनवर्षा' कराने का झांसा दिया था। जब ये लोग लोनी से वापस लौट रहे थे, तब कमरुद्दीन ने उन्हें अपने विश्वास में लेकर जहरीले लड्डू खिला दिए। जहर के असर से तीनों की कार के भीतर ही मौत हो गई। आरोपी का मुख्य मकसद इन लोगों के पास मौजूद कीमती सामान और नकदी लूटना था।

सीरियल किलर है तांत्रिक? पिछले साल भी किया था 'डबल मर्डर'

गिरफ्तार तांत्रिक कमरुद्दीन का आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है। यह पहली बार नहीं है जब उसने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है।, जांच में पता चला है कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाने में पहले से ही एक दोहरे हत्याकांड (Double Murder) का मुकदमा दर्ज है। 13 मई 2025 को दर्ज इस मामले के अनुसार, कमरुद्दीन ने फिरोजाबाद में भी ठीक इसी तरह दो लोगों रामनाथ और पुरन को अपनी जाल में फंसाया था। वहां उसने उन्हें 'जमीन में गड़ा हुआ धन' निकालने का लालच दिया था और उन्हें तांत्रिक क्रिया के बहाने जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डाला था। 9 मई 2025 को उनके शव एक गली में मिले थे, जहां से पुलिस को गिलास और लड्डू बरामद हुए थे। उस मामले में जेल जाने के बाद आरोपी को हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी, जिसके बाद उसने दिल्ली में फिर से वही खूनी खेल खेला।

मैरिज होम का मालिक और तांत्रिक का दोहरा चेहरा

कमरुद्दीन के बारे में छानबीन करने पर पुलिस को उसके दोहरे व्यक्तित्व का पता चला है। वह फिरोजाबाद के आकाशवाणी रोड पर 'बिस्मिल्ला मैरिज होम' का संचालन करता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कमरुद्दीन अक्सर दिल्ली में रहता था और वहां क्या करता था, इसके बारे में किसी को ज्यादा जानकारी नहीं थी।

दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अब हत्या और लूट की संगीन धाराएं बढ़ा दी गई हैं। फिरोजाबाद पुलिस के अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने भी पुष्टि की है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है ताकि उसके द्वारा किए गए अन्य संभावित अपराधों का पता लगाया जा सके। यह मामला उजागर करता है कि कैसे आज भी लोग अंधविश्वास के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं और शातिर अपराधी उनके इसी भरोसे का फायदा उठाते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com