Box Office Clash: ‘वध 2’ और ‘भाबी जी घर पर हैं’ की कमाई लाखों में सिमटी, ‘मर्दानी 3’ की रफ्तार धीमी

Bollywood Box Office Clash: बॉक्स ऑफिस पर वध 2 और भाबी जी घर पर हैं की कमाई लाखों में सिमट गई है। मर्दानी 3 की रफ्तार भी धीमी पड़ती दिख रही है। वहीं बॉर्डर 2 20 दिनों बाद भी मजबूती से टिकी हुई है।
Box Office Report Vadh 2 Bhabhi Ji Ghar Par Hai Mardaani 3 and Border 2 collection
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Box Office Report: बॉक्स ऑफिस पर इस हफ्ते फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ नई रिलीज ‘वध 2’ और ‘भाबी जी घर पर हैं’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की कोशिश कर रही हैं, तो वहीं कई हफ्तों से चल रही ‘बॉर्डर 2’ और ‘मर्दानी 3’ अब भी टिके रहने की जंग लड़ रही हैं। बुधवार का दिन इन सभी फिल्मों के लिए मिलाजुला रहा, लेकिन कलेक्शन की रेस में एक बार फिर ‘बॉर्डर 2’ आगे निकल गई।

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, मर्डर मिस्ट्री फिल्म ‘वध 2’ का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। रिलीज के छठे दिन फिल्म ने महज 30 लाख रुपये का कारोबार किया। इससे पहले मंगलवार को फिल्म ने 35 लाख रुपये कमाए थे। कुल मिलाकर फिल्म का कलेक्शन अब 3.3 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है। नीना गुप्ता और संजय मिश्रा जैसे दमदार कलाकारों के बावजूद फिल्म दर्शकों पर खास असर नहीं छोड़ पा रही है।

भाबी जी घर पर हैं का कलेक्शन

वहीं टीवी के लोकप्रिय शो पर आधारित फिल्म ‘भाबी जी घर पर हैं’ की हालत भी कुछ खास नहीं है। बुधवार को फिल्म ने केवल 11 लाख रुपये की कमाई की, जबकि मंगलवार को इसका कलेक्शन 15 लाख रुपये था। अब तक फिल्म कुल 1.26 करोड़ रुपये ही जुटा पाई है। छोटे बजट की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है।

रानी मुखर्जी की मर्दानी 3 की कमाई

दूसरी ओर रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश में है। रिलीज के तेरहवें दिन फिल्म ने 1.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो मंगलवार के 1.60 करोड़ रुपये से कम है। अब तक फिल्म की कुल कमाई 39.80 करोड़ रुपये हो चुकी है। हालांकि फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है।

बॉर्डर 2 का बिजनेस

इन सबके बीच ‘बॉर्डर 2’ ने एक बार फिर बाजी मार ली है। 20 दिनों बाद भी फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है। बुधवार को फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे इसका कुल कलेक्शन 316 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म पहले ही 300 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है और अब 350 करोड़ की ओर बढ़ रही है। कुल मिलाकर, बुधवार को बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ का दबदबा कायम रहा, जबकि बाकी फिल्मों को दर्शकों की कमी का सामना करना पड़ा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com