Masoom Sharma (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Masoom Sharma On Haryanvi Songs: हरियाणा के चर्चित गायक मासूम शर्मा ने पुलिस द्वारा हाल ही में की गई उस बड़ी कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसके तहत डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से 67 आपत्तिजनक गीतों को हटा दिया गया है। मासूम शर्मा का कहना है कि प्रशासन को केवल हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री को ही निशाने पर नहीं लेना चाहिए, बल्कि बॉलीवुड की उन बड़ी फिल्मों पर भी गौर करना चाहिए जो हथियारों और हिंसा को महिमामंडित करती हैं।
हरियाणा पुलिस के अनुसार, यह कदम गैंगस्टर संस्कृति और हथियारों की हिंसक छवि को बढ़ावा देने वाले कंटेंट के खिलाफ उठाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को गुमराह करने वाले ऐसे कंटेंट पर अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर अपराधियों की पोस्ट को लाइक या शेयर करने वाले लोगों पर भी पुलिस की पैनी नजर है।
मासूम शर्मा ने आईएएनएस (IANS) से बातचीत में कहा कि गानों को डिलीट करना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा, “हमारी तो बहुत छोटी सी इंडस्ट्री है, हरियाणवी गानों को ही टारगेट क्यों किया जा रहा है? अगर वाकई एक्शन लेना है, तो बॉलीवुड की उन बड़ी फिल्मों को देखिए जिनमें बड़ी-बड़ी बंदूकें और गन कल्चर दिखाया जाता है।” उनके मुताबिक, छोटे क्षेत्रीय कलाकारों को परेशान करने के बजाय नियमों का दायरा बड़ा होना चाहिए।
ये भी पढ़ें- Karan Aujla Affair: कनाडियन आर्टिस्ट ने करण औजला पर लगाया गंभीर आरोप, तो बीवी पलक ने की बोलती बंद
सिंगर ने सरकार और पुलिस के इस अभियान का समर्थन तो किया, लेकिन साथ ही एक ठोस कानून बनाने की मांग भी की। उन्होंने कहा, “हम इस कैंपेन में सरकार के साथ हैं, लेकिन मैं रिक्वेस्ट करूंगा कि पूरे देश के लिए एक समान सिस्टम बनाया जाए। एक ऐसा कानून आना चाहिए जो न केवल गन कल्चर और अश्लीलता पर बैन लगाए, बल्कि सट्टेबाजी और जुए को बढ़ावा देने वाले ऐप्स पर भी रोक लगाए।” मासूम शर्मा के अनुसार, ये ऐप्स युवाओं के भविष्य को पूरी तरह बर्बाद कर रहे हैं।
अपने काम के बारे में जानकारी देते हुए मासूम शर्मा ने बताया कि वह जल्द ही बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उनके गाने तो हर 10 दिन में रिलीज होते ही रहते हैं, लेकिन फिलहाल उनका मुख्य फोकस उनकी पाइपलाइन में मौजूद फिल्मों पर है। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘लाइसेंस’ का जिक्र करते हुए बताया कि यह फिल्म जल्द ही दर्शकों के बीच होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि उनकी यह फिल्म भी समाज को एक कड़ा संदेश देने वाली होगी।