Haunted 3D Box Office Collection: सिनेमाघरों में अक्सर वही फिल्में कब्जा जमाती है। जिनके पीछे बड़े सितारों का नाम और करोड़ों रुपये का भारी-भरकम विज्ञापन बजट होता है। मगर इस हफ्ते भारतीय सिनेमाघरों में एक ऐसा चौंकाने वाला उलटफेर देखने को मिला है जिसने बड़े-बड़े फिल्म समीक्षकों को हैरान कर दिया है।
बीते शुक्रवार को बड़े पर्दे पर बॉलीवुड की बेबाक अदाकारा कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता और मशहूर डायरेक्टर इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' जैसी फिल्में रिलीज हुई थी। हालांकि इस मुकाबले में बाजी मार ले गई बिना किसी तड़क-भड़क के रिलीज हुई एक खौफनाक फिल्म हॉन्टेड 3डी-इकोज ऑफ द पास्ट।
सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के अनुसार इस हॉरर फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। 'हॉन्टेड 3डी-इकोज ऑफ द पास्ट' ने अपने रिलीजिंग डे पर 2.50 करोड़ रुपये की शानदार कलेक्शन किया था। इसके बाद बीते शनिवार को यानी रिलीजिंग के दूसरे दिन फिल्म की कमाई का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ा और इसने 3.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया। 2 दिनों के भीतर ही इस फिल्म की कुल कमाई का आंकड़ा 5.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म 'हॉन्टेड 3डी-इकोज ऑफ द पास्ट' में अहम भूमिका निभाने वाले कलाकारों ने अपनी अदाकारी से दर्शकों को स्क्रीन से बांधकर रखा है। मिमोह चक्रवर्ती, चेतना पांडे, मनवीर चौधरी और श्रुति प्रकाश ने किरदारों के डर और सस्पेंस को बड़े पर्दे पर बखूबी उतारा है।
फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी इसका शानदार विजुअल और एडवांस टेक्नोलॉजी मानी जा रही है। फिल्म मेकर्स ने डराने के स्तर को एक नए मुकाम पर ले जाने के लिए आधुनिक वीएफएक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बेहतरीन उपयोग किया है। यही कारण है कि दर्शक सिनेमाघर के भीतर इस खौफ को असलियत के करीब महसूस कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Governor Day 2: वीकेंड शुरू होते ही बॉक्स ऑफिस पर ‘गवर्नर’ की धाक, मनोज वाजपेयी की फिल्म ने पलट दी बाजी
फिल्म का डायरेक्शन हॉरर फिल्मों के दिग्गज विक्रम भट्ट और मनीष पी. चव्हाण ने साथ मिलकर किया है। कहानी एक ऐसे सामान्य शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर एक रहस्यमयी हवेली में रहने के लिए आता है। हवेली में कदम रखते ही उसके साथ कुछ बेहद डरावनी और अजीबोगरीब घटनाएं होने लगती हैं। ये छोटी-छोटी घटनाएं धीरे-धीरे एक भयंकर भूतिया साये का रूप ले लेती हैं।