धुरंधर: द रिवेंज पर संकट, सेट पर नियमों की अनदेखी से बढ़ी मुश्किलें, बीएमसी ने दिखाई सख्ती
Dhurandhar 2 BMC Film Permit Violations: धुरंधर: द रिवेंज रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस पर बीएमसी ने शूटिंग के दौरान सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
- Written By: सोनाली झा
धुरंधर: द रिवेंज (फोटो- सोशल मीडिया)
Dhurandhar The Revenge Movie Violations: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर की जबरदस्त सफलता के बाद मेकर्स इसके सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज को रिलीज करने की तैयारी में हैं। पहले भाग ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर रिकॉर्ड बनाए थे। ऐसे में 19 मार्च को रिलीज होने जा रही इस फिल्म से भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। हालांकि रिलीज से पहले ही फिल्म विवादों में घिरती नजर आ रही है।
बीएमसी ने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की शूटिंग के दौरान सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन का हवाला देते हुए सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण मुंबई के ‘A वार्ड’ इलाके में शूटिंग के दौरान बार-बार सिविक गाइडलाइंस की अनदेखी की गई। बीएमसी का आरोप है कि सेट पर भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जबकि परमिशन देते समय साफ तौर पर यह शर्त रखी गई थी कि किसी भी प्रकार के पटाखों या आग से संबंधित सामग्री का उपयोग नहीं किया जाएगा।
ब्लैकलिस्टिंग की सिफारिश
डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर ने आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस बी62 स्टूडियोज को मुंबई में स्थायी रूप से ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही दो अन्य आवेदकों नासिर खान और कोमल पोखरियाल के नाम भी प्रस्ताव में शामिल हैं। यदि यह प्रस्ताव अंतिम रूप लेता है, तो संबंधित प्रोडक्शन हाउस महाराष्ट्र फिल्म, स्टेज एंड कल्चरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पोर्टल के जरिए शूटिंग परमिशन के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे।
सम्बंधित ख़बरें
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कमाई 50% गिरी? ‘thetopindia’ के सर्वे ने उड़ाए होश, जानिए इस दावे का पूरा सच!
एक दौर ऐसा भी: जब सड़कों पर दौड़-दौड़ कर पोस्टर चिपकाते थे आमिर खान, कयामत से कयामत तक का पुराना वीडियो वायरल
शाहरुख खान की ‘किंग’ से टला क्लैश, अब नई तारीख पर रिलीज होगी Aneet Padda की ‘शक्ति शालिनी’
‘आप बिहारी है’, जब Shekhar Suman से बोले नितिन गडकरी, शो में छाए हंसी के ठहाके
क्या है पूरा मामला
बीएमसी के अनुसार, 30 जनवरी को मोदी स्ट्रीट और पेरिन नरिमन स्ट्रीट के बीच शूटिंग की अनुमति दी गई थी। 7 और 8 फरवरी को कथित तौर पर सुरक्षा शर्तों का उल्लंघन किया गया, जिसके बाद जमा राशि जब्त कर ली गई और चेतावनी जारी की गई। इसके बावजूद 14 फरवरी की देर रात फिर से शूटिंग के दौरान जलती मशालों के इस्तेमाल की शिकायत मिली।
प्रोडक्शन हाउस पर मंडराया ब्लैकलिस्टिंग का खतरा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांच जलती मशालें जब्त कीं। अधिकारियों ने इसे गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या बीएमसी ब्लैकलिस्टिंग का अंतिम फैसला सुनाती है या प्रोडक्शन हाउस को राहत मिलती है। रिलीज से ठीक पहले खड़ा हुआ यह विवाद फिल्म की चर्चा को और तेज कर रहा है।
