

Delhi Youth Dies After Car Falls In Open Drain: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक मोड़ पर नियंत्रण खोने के बाद 20 साल के एक युवक की कार एक खुले नाले में जा गिरी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह दुखद घटना शुक्रवार सुबह हुई, जब यशवेंद्र और उसकी दोस्त नांगल देवत इलाके से घर लौट रहे थे। नांगल देवत रेड लाइट के पास एक तीखे मोड़ पर सड़क के फिसलन भरे होने के कारण यशवेंद्र का कार से नियंत्रण छूट गया। इसके बाद कार एक नाले में गिरकर पलट गई।
वसंत कुंज साउथ पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर पता चला कि यशवेंद्र गाड़ी चला रहा था और वसंत कुंज की रहने वाली महिला दोस्त बगल वाली सीट पर बैठी थी। वे पिछली रात अपने दोस्त के घर रुके थे और सुबह उसके घर जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि यशवेंद्र घायल हो गया था, हालांकि, बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कार महिला की है, लेकिन दुर्घटना के समय इसे यशवेंद्र चला रहा था। यशवेंद्र और महिला अमेरिका के एक ही संस्थान में उच्च शिक्षा लेते हुए दोस्ती हुई थी।
अधिकारियों ने बताया कि यशवेंद्र भारतीय सेना के एक अधिकारी का बेटा है। महिला वसंत कुंज की रहने वाली है। उसके पिता ओखला में एक निजी कंपनी के साइबर सिक्योरिटी सेक्टर में काम करते हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं। उन्होंने बताया कि साथ यात्रा कर रहे व्यक्ति के बयान के अनुसार, यह दुर्घटना सड़क के फिसलन भरी होने के कारण हुई।
इलाके में रहने वाले चश्मदीदों के मुताबिक, यह खुला नाला दुर्घटनाओं की दृष्टि से खतरनाक जगह रही है और कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
IANS से बात करते हुए एक चश्मदीद ने कहा कि यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। कल, 20 से 25 साल के कुछ युवा इस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उनकी गाड़ी एक खुले नाले में गिर गई। दुर्भाग्य से उनमें से एक युवक की मौत हो गई। यह खुला नाला लंबे समय से दुर्घटनाओं वाली जगह रहा है और इसकी जिम्मेदारी डीडीए की है।
चश्मदीद ने कहा, "हमने कई बार डीडीए के सामने यह मुद्दा उठाया है और कई बैठकें भी की हैं, जिसमें उनसे नाले को ढकने का आग्रह किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और आज इसके कारण एक जान चली गई।"
-IANS ऐजेंसी इनपुट