अमृत 2.0 के कामों की समीक्षा में भड़कीं महापौर: सड़कों की मरम्मत में देरी पर अधिकारियों की लगाई क्लास!

Nagpur AMRUT Review: नागपुर में अमृत 2.0 योजना की समीक्षा के दौरान महापौर नीता ठाकरे ने सीवर लाइन कार्यों के बाद सड़क मरम्मत में देरी और खराब गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए काम तेज करने के निर्देश दिए।
Mayor furious during review of AMRUT 2.0 works: Reprimands officials over road repair delays!
नागपुर अमृत 2.0, महापौर नीता ठाकरे,(सोर्स: नवभारत डिजाइन फोटो)
Updated on

AMRUT 2.0 Road Restoration: नागपुर महानगर पालिका द्वारा चलाई जा रही 'अमृत 2।0' योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान महापौर नीता ठाकरे ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। शुक्रवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्ववत करने (सड़क मरम्मत) में हो रही देरी और काम की खराब गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

नागरिकों को परेशानी और ठेकेदारों को चेतावनी

महापौर नीता ठाकरे ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत के काम के दर्जे में सुधार लाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे काम के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कुछ जगहों पर तो नागरिकों के साथ दुर्घटनाएं भी हुई है।

महापौर ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि काम में तुरंत सुधार नहीं हुआ और नागरिकों की परेशानी कम नहीं की गई, तो संबंधित ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से चिटणीस नगर, पवनसुत नगर और गाडगेबाबा नगर सहित पूरे शहर में लोगों को हो रही परेशानी पर कड़ी आपत्ति दर्ज की।

CM के क्षेत्र की जनता परेशान

स्थायी समिति की सभापति शिवानी दानी ने भी चल रहे कार्यों की गुणवत्ता पर सवालिया निशान लगाए। उन्होंने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जयताला और जयप्रकाश नगर में नागरिकों द्वारा झेली जा रही समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया और वहां तत्काल आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। इस बैठक में मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बनर्जी के साथ-साथ सभी कार्यकारी अभियंता और मनपा के अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

प्रगति पर 'साउथ सीवरेज जोन'

बैठक की शुरुआत में सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग की अधीक्षक अभियंता डॉ. श्वेता बनर्जी ने कार्यों का ब्योरा देते हुए बताया कि 'साउथ सीवरेज जोन' के तहत कुल 537 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने का काम प्रगति पर है। इसमें से अब तक 260 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष काम को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सीवर लाइन बिछाने के साथ-साथ सड़कों को ठीक करने का काम भी समानांतर रूप से चल रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com