नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी रण तैयार हो चुका है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस समेत तमाम राजनीतिक दलों के नेता पूरी दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्मृति ईरानी समेत तमाम बड़े नेता भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज रविवार को भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शहर की वायु गुणवत्ता में पिछले कई वर्षों से लगातार गिरावट होने को लेकर हमला बोला।
भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह 11 साल पहले हरियाणा से खांसते हुए दिल्ली आए थे और शहर को सांस के लिए हांफते हुए छोड़ गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि एक बार दिल्ली से “आप-दा” सरकार हट जाए, तो भाजपा शहर के लोगों के लिए साफ सड़कें, साफ पानी, साफ यमुना और साफ हवा सुनिश्चित करेगी।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के एक चुनावी रैली में आम आदमी पार्टी की सरकार को “आप-दा” कहा था। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 11 साल पहले हरियाणा से एक व्यक्ति मफलर लपेटे हुए खांसता हुआ दिल्ली आया था। अब वही व्यक्ति दो राज्यों से जेड प्लस सुरक्षा चाहता है। उन्होंने कहा कि न तो दिल्ली की हवा साफ है, न ही सड़कें, न ही कूड़े के पहाड़ और न ही यमुना। इस बार दिल्ली से आप सरकार साफ हो जाएगी।
रोहिणी से भाजपा विधानसभा प्रत्याशी श्री @Gupta_vijender के समर्थन में सांसद श्री @ianuragthakur जी की विशाल जनसभा। #आ_रही_है_भाजपा https://t.co/7QMLiUIXuE — BJP Delhi (@BJP4Delhi) January 26, 2025
दिल्ली चुनाव की लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें!
इस बीच आज रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने AAP को ‘अवैध आमदनी वाली पार्टी’ बताया और आरोप लगाया कि पार्टी ने वोट पाने के लिए झूठ फैलाने के अलावा कुछ नहीं किया तथा दिल्ली में अपने 10 साल के शासन के दौरान अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में भ्रष्टाचार में लिप्त रही।दिल्ली के नरेला विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर अपनी टिप्पणियों से दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचलियों का अपमान करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही आप के शासन में राजधानी में कुशासन का आरोप लगाया। अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल ने केवल वोट पाने के लिए झूठ बोला…आप का मतलब ‘अवैध आमदनी वाली पार्टी’ है।