जल्दी अमीर बनने की चाह में बना तस्कर, द्वारका में अवैध शराब की बड़ी खेप के साथ अंतरराज्यीय गिरफ्तार

Delhi crime news: द्वारका जिले की स्पेशल टीम ने अवैध शराब तस्करी करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 57 पेटी शराब बरामद की गई है।
कॉन्सेप्ट इमेज
कॉन्सेप्ट इमेज
Published on: 
Updated on: 

Inter-State Smuggler Arrested In Delhi: दिल्ली के द्वारका जिले की स्पेशल टीम ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। स्पेशल टीम ने हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही 2850 क्वार्टर (57 पेटी) शराब के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान रौनक (पुत्र युद्धवीर सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी बहादुरगढ़, झज्जर, हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की गई होंडा सीआरवी कार भी जब्त कर ली है।

आरोपी दिल्ली में अवैध रूप से सप्लाई कर रहा था शराब

पुलिस के अनुसार, आरोपी रौनक हरियाणा में बिक्री के लिए आरक्षित शराब को दिल्ली में अवैध रूप से सप्लाई कर रहा था। उसे 14 अगस्त को द्वारका जिले के नजफगढ़-ककरोला रोड स्थित गंदा नाला इलाके में पकड़ा गया। उसके खिलाफ थाना नजफगढ़ में एफआईआर दर्ज की गई है, जो दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा के तहत दर्ज की गई है।

टीम ने गुप्त तरीके से कार्रवाई को दिया अंजाम

इस कार्रवाई का नेतृत्व द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह, आईपीएस के निर्देश पर किया गया। स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि एक होंडा सीआरवी कार में हरियाणा से दिल्ली शराब की तस्करी की जा रही है। इसके बाद इंस्पेक्टर विश्वेंद्र के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल विजेंद्र, एचसी जगदीश चंद, एचसी आदेश कुमार, डीवीआर/एचसी अजय कुमार, कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल रवि शामिल थे। टीम ने एसीपी ऑप्स रामअवतार की निगरानी में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

जल्दी पैसे कमाने की चाह में शुरू की तस्करी

पूछताछ में रौनक ने बताया कि वह बेरोजगार है और जल्दी पैसे कमाने की चाह में यह अवैध धंधा कर रहा था। वह पहले से नशे का आदी भी है और लंबे समय से शराब तस्करी में शामिल था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क के जरिए शराब की आपूर्ति कर रहा था और उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं। बरामदगी में 57 पेटी (2850 क्वार्टर) हरियाणा में बिक्री हेतु अवैध शराब और एक होंडा सीआरवी कार शामिल हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com