Nagpur News: महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव के खिलाफ FIR, मनी ट्रांसफर के नाम पर 3 लाख की ठगी

नागपुर शहर में रहने वाली एक महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव द्वारा अपनी सहेली को मुंबई से नागपुर ट्रांसफर कराने के नाम पर 3 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है।
महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव के खिलाफ FIR
महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव के खिलाफ FIR। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

नागपुर: शहर में रहने वाली एक महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव द्वारा अपनी सहेली को मुंबई से नागपुर ट्रांसफर कराने के नाम पर 3 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। सदर पुलिस ने मनीषा चंद्रभान पैठे (46, शांतिनगर कॉलोनी) की शिकायत के आधार पर आरोपी अनीशा मुख्तार शेख (बिजली नगर, सदर) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, अनीशा महिला प्रदेश कांग्रेस की सचिव हैं। मनीषा और अनीशा का पुराना परिचय था। मनीषा स्वास्थ्य विभाग में परिचारिका है और सेंट्रल हॉस्पिटल, उल्हासनगर, मुंबई में कार्यरत है। उनके पति का 2017 में निधन हो गया। इसके बाद उनका ट्रांसफर मुंबई कर दिया गया। नौकरी के कारण मनीषा को अपनी 2 बेटियों को नौकरानी के भरोसे छोड़कर मुंबई जाना पड़ा। तब से वह नागपुर वापस ट्रांसफर करने के लिए प्रयास कर रही थी।

लेन-देन का एक हलफनामा

मार्च 2024 में वह अनीशा से मिलने सदर स्थित उसके घर गई। मनीषा ने अपने ट्रांसफर के बारे में अनीशा से चर्चा की। अनीशा ने मनीषा को ट्रांसफर कराने की बात करते हुए बताया कि उसने अब तक कई लोगों का तबादला कराने के बारे में कहा। अनीशा ने मेरी मंत्रालय और मंत्रियों से अच्छी पहुंच होने की बात कही। लेकिन इस काम के लिए 3 लाख रुपये लगने की बात अनीशा ने कही। उसने पैसे का लेनदेन नकद करना होगा। भरोसा करते हुए मनीषा ने अनीशा को 3 लाख रुपए दिए। इस लेन-देन का एक हलफनामा भी बनाया गया। अपराध जगत की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…

पैसे देने से साफ इनकार

इसमें कहा गया था कि अनीशा को 3 महीने के भीतर काम पूरा करना होगा, अन्यथा सारा पैसा वापस कर दिया जाएगा। इसी बीच लोकसभा चुनाव आ गए और काम ठप हो गया। अनीशा जल्द से जल्द काम पूरा करने का वादा मनीषा को कर रही थी। हालांकि मनीषा का तबादला नहीं हो पा रहा था। काम में देरी होते देख जब मनीषा ने पैसे वापस मांगे, तो अनीशा ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।

धोखाधड़ी का मामला दर्ज

वहीं अनीशा ने मनीषा को धमकी देते हुए कहा कि, ‘तेरे से जो बन सकता कर ले पर पैसे वापस नहीं करेंगी’। अंतत: परेशान होकर मनीषा ने सदर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद अनीशा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com