
उपेन्द्र कुशवाहा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Bihar Assembly Elections: बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग से एक दिन पहले महागठबंधन से सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एनडीए, बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उनके आरोपों पर अब NDA की सहयोगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के मुखिया ने पलटवार किया है।
बिहार में हो रहे विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले एनडीए के सहयोगी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी यादव करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष (महागठबंधन) की हार तय है। यही वजह है कि तेजस्वी अभी से भूमिका बना रहे हैं।
कुशवाहा ने कहा कि उन्हें 14 नवंबर के नतीजे पता हैं। इसलिए वे कह रहे हैं कि ये छिपा था, वो छिपा था। इसीलिए वे हार गए। वे चुनाव आयोग को दोष दे रहे हैं क्योंकि वे जनता को अपनी हार के कारण नहीं बता पा रहे हैं। कुशवाहा ने कहा कि पहले चरण में जनता ने एनडीए के पक्ष में मतदान किया और अब दूसरे चरण में भी माहौल एनडीए के पक्ष में है।
आरएलएम प्रमुख ने कहा कि चुनावों में जनता का रुझान साफ दर्शाता है कि “क्यों पड़े हो चक्कर में? कोई नहीं है टक्कर में” वाला नारा एनडीए के लिए बिल्कुल उपयुक्त है। हमने बिहार में जहां भी प्रचार किया है, हमें भारी समर्थन और सहयोग मिला है। तेजस्वी यादव ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और चुनाव आयोग पर आरोपों की झड़ी लगा दी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई मतगणना केंद्रों के स्ट्रांग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हो रहे हैं। भाजपा शासित राज्यों से पुलिस बल की 208 कंपनियां बुलाई गई हैं। यह एक गंभीर सवाल है कि झारखंड, बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल से पुलिस बल क्यों नहीं बुलाया गया। 68% पुलिस पर्यवेक्षक भाजपा शासित राज्यों से हैं। इसीलिए गृह मंत्री वहां डेरा डाले हुए हैं। धनबल, छल-कपट और धोखाधड़ी का इस्तेमाल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: उल्टा पड़ा BJP का दांव…तो तेजस्वी जीत जाएंगे चुनाव! सीमांचल का ‘सेल्फ गोल’ साबित होगा ये मुद्दा?
तेजस्वी ने कहा था कि बिहारवासी बाहरी लोगों को सत्ता पर कब्ज़ा नहीं करने देंगे। चुनाव आयोग बताए कि पर्चियां कहां से आईं। पहले चरण के मतदान के चार दिन बाद भी आयोग ने यह आँकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं कि कितने पुरुषों और महिलाओं ने मतदान किया। यह एक मज़ाक है। तकनीक के इस युग में यही हाल है। आयोग भाजपा के पापों को धो रहा है।






