रिजल्ट से पहले ही मोकामा में अनंत सिंह की जीत का दावा, एक लाख लोगों के भोज की तैयारी शुरू

Anant Singh News: पटना में नीलम देवी के सरकारी आवास स्थित मैदान में बांस-बल्ला के सहारे टेंट बनाया जाने लगा है। रिजल्ट के दिन सुबह से ही आवास पर खाना-पीना शुरू हो जाएगा।
Anant Singh Mokama
रिजल्ट से पहले ही मोकामा में अनंत सिंह की जीत का दावा, एक लाख लोगों के भोज की तैयारी शुरू
Updated on

Mokama Assembly Election Result: बिहार की मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू ने अनंत सिंह को प्रत्याशी बनाया है। 6 नवंबर को पहले चरण के मतदान में इस सीट पर वोटिंग हो चुकी है। अनंत सिंह इस सीट से पहले भी विधायक रह चुके हैं। अब 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होना है और 14 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। लेकिन नतीजों से पहले ही पटना में अनंत सिंह की जीत का दावा करते हुए भोज की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

मोकामा से वर्तमान में अनंत सिंह की पत्नी विधायक हैं, जिन्हें उपचुनाव में जीत मिली थी। इसी कड़ी में पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर भोज का आयोजन किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में समर्थक जुटेंगे।

भोज में शामिल होंगे एक लाख लोग

सरकारी आवास परिसर में बांस और बल्लियों से विशाल टेंट लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब एक लाख लोगों के लिए खाने-पीने का इंतज़ाम किया जाएगा।

रिजल्ट से एक दिन पहले से ही अनंत सिंह के समर्थकों की भीड़ पटना स्थित आवास पर जुटने लगेगी, और रिजल्ट वाले दिन सुबह से ही भोज शुरू हो जाएगा।

"200 प्रतिशत दादा की जीत पक्की"

भोज की तैयारियों के बीच अनंत सिंह के समर्थक दावा कर रहे हैं कि “200 प्रतिशत दादा (अनंत सिंह) की जीत तय है।” उनका कहना है कि अनंत सिंह को जीतने से कोई नहीं रोक सकता। हालांकि, अब सबकी नजरें 14 नवंबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

पहले भी हो चुकी हैं भव्य तैयारियां

यह कोई पहली बार नहीं है जब अनंत सिंह के यहां इस तरह के भव्य भोज का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले भी चुनाव परिणामों के मौके पर ऐसी व्यवस्थाएं की गई थीं। दरअसल, मोकामा से बड़ी संख्या में लोग रिजल्ट के दिन पटना पहुंचते हैं, और इतनी भीड़ को देखते हुए खाने-पीने का इंतजाम विशाल स्तर पर किया जाता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com