अस्पताल में सिगरेट के छल्ले उड़ाते दिखे विधायक अनंत सिंह, वायरल वीडियो ने बढ़ाई नीतीश सरकार की मुश्किलें

Anant Singh Viral Video: बेऊर जेल में बंद मोकामा विधायक अनंत सिंह का आईजीआईएमएस अस्पताल में सिगरेट पीते हुए वीडियो वायरल होने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। आरजेडी ने इसे सुशासन का अपमान बताया है।
anant singh viral video
अस्पताल में सिगरेट के छल्ले उड़ाते दिखे अनंत, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Anant Singh Smoking Viral Video: बिहार की राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अस्पताल परिसर में बेखौफ होकर सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं।

पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल से सामने आए इस वीडियो ने जेल प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विधायक अनंत सिंह भारी सुरक्षा और अपने समर्थकों के बीच घिरे हुए हैं। वे पूरी ठसक के साथ सिगरेट पीते हुए चलते आ रहे हैं और बाद में लिफ्ट में सवार हो जाते हैं। जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए जेल से अस्पताल लाए गए थे। हालांकि, अस्पताल जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थान पर, जहां धूम्रपान वर्जित है, एक विधायक का इस तरह कानून की धज्जियां उड़ाना चर्चा का विषय बन गया है।

आरजेडी का तीखा हमला: "नायक नहीं खलनायक है तू..."

इस वीडियो के सामने आते ही विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सत्ताधारी जेडीयू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलने में देरी नहीं की। आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर यह वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री पर कड़ा तंज कसा। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “नायक नहीं खलनायक है... सुशासन को धुएं में उड़ाता हुआ अनंत सिंह! नीतीश जी का दुलारा खलनायक अस्पताल में सिगरेट पीते हुए रीलबाजी कर रहे है!” आरजेडी का आरोप है कि जेल में होने के बावजूद अनंत सिंह को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं और वे खुलेआम कानून का मजाक उड़ा रहे हैं।

जेल की सलाखों के पीछे से जीत चुके हैं चुनाव

अनंत सिंह का सियासी रसूख और उनका बाहुबल बिहार में किसी से छिपा नहीं है। वे बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी काफी चर्चा में रहे थे। उन पर दुलारचंद यादव की हत्या का गंभीर आरोप है और इसी मामले में वे पटना की बेऊर जेल में सजा काट रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अनंत सिंह ने पिछला विधानसभा चुनाव जेल के अंदर से ही लड़ा था। जेल की सलाखों के पीछे रहने के बावजूद उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 28 हजार से अधिक मतों के भारी अंतर से शिकस्त दी थी। अपने बयानों और अनोखे अंदाज के कारण वे अक्सर मीडिया की सुर्खियों में बने रहते हैं।

नियमित चेकअप या कानून का उल्लंघन?

आईजीआईएमएस अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी अब सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, विधायक नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल आते रहते हैं। लेकिन समर्थकों की भारी भीड़ और खुलेआम सिगरेट पीना यह दर्शाता है कि कानून का डर शायद उनके मन में नहीं है।

अब देखना यह होगा कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद क्या जेल प्रशासन या नीतीश सरकार विधायक पर कोई दंडात्मक कार्रवाई करती है या यह मामला भी पिछली बार की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। इस घटना ने बिहार में 'सुशासन' के दावों पर एक बार फिर से सवालिया निशान लगा दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com