सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के मुख्यमंत्री? भाजपा के 'चाणक्य' ने भेजा बुलावा, बिहार में बढ़ गई सियासी हलचल

Samrat Choudhary: अमित शाह ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाया है। सम्राट रविवार को शाह से मिलने पटना से दिल्ली जाएंगे। उनके दिल्ली बुलावे के चलते सूबे में सियासी हलचल बढ़ गई है।
samrat choudhary
सम्राट चौधरी (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Bihar Politics: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाया है। सम्राट रविवार को शाह से मिलने पटना से दिल्ली जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चर्चा चल रही है। चर्चा है कि अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से होगा।

अमित शाह ने सम्राट चौधरी को दिल्ली क्यों बुलाया? इसका कोई साफ कारण सामने नहीं आया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह नई सरकार बनाने पर चर्चा कर सकते हैं। सम्राट बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली NDA सरकार में नंबर दो की हैसियत रखते हैं। वह राज्य का सबसे अहम माना जाने वाला गृह विभाग भी संभालते हैं, जो पहले नीतीश कुमार के पास था।

नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा शुरू

खबर है कि भाजपा की टॉप लीडरशिप ने संभावित मुख्यमंत्री पर चर्चा शुरू कर दी है। नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद वह बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद नई सरकार बन सकती है। अगले मुख्यमंत्री के बारे में आने वाले दिनों में घोषणा होने की उम्मीद है। बीजेपी की सहयोगी जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले गुरुवार को पटना में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। नीतीश ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की।

नीतीश के फैसले से कार्यकर्ता नाराज

नीतीश कुमार ने कहा कि वह अपनी मर्जी से राज्यसभा जा रहे हैं। इसके बाद शुक्रवार को उनके घर पर जेडीयू की एक मीटिंग हुई, जिसमें नीतीश के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने का फैसला किया गया। हालांकि, जेडीयू कार्यकर्ता नीतीश के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं और इसे उनका नहीं बल्कि बीजेपी का फैसला बता रहे हैं। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होने हैं। मौजूदा सांसदों की सीटें खाली होने के बाद अप्रैल में नए सदस्यों का कार्यकाल शुरू होगा। बताया जा रहा है कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे देंगे, जिससे बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा।

सम्राट चौधरी बनेंगे नए मुख्यमंत्री?

इस बात की बहुत संभावना है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से होगा। बीजेपी के सीएम पद के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है। इस रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है। सम्राट अभी नीतीश कुमार के डिप्टी हैं और पिछड़ी कुशवाहा जाति से आते हैं। BJP के जाने-माने यादव चेहरे नित्यानंद राय के नाम पर भी चर्चा हो रही है।

इनके अलावा और भी कई नामों पर अटकलबाजी चल रही है। चर्चा यह भी है कि राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा की तर्ज पर भाजपा किसी नए चेहरे को भी मौका दे सकती है। इस लिहाज से देखें तो सभी नामों पर चल रही चर्चाएं केवल अटकलबाजियां हैं। ऐसे में सीएम की कुर्सी किसे मिलेगी यह देखना दिलचस्प होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com