बिहार चुनाव से पहले सियासी भूचाल! IRCTC घोटाले में लालू परिवार पर आज कोर्ट सुनाएगा बड़ा फैसला

RJD चीफ लालू यादव पर दिल्ली की अदालत आज एक अहम फैसला सुनाएगी। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी माहौल तेजी पर इस बीच यदि अदालत की तरफ से फैसला आता है तो इसका प्रभाव जरूर हो सकता है।
lalu-family-in-court-today-for-verdict-on-framing-charges-in-irctc-and-land-for-job-scam-cases
लालू परिवार (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Lalu Yadav IRCTC Scam Case Verdict: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए आज का दिन बेहद अहम है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट आज आईआरसीटीसी भ्रष्टाचार और लैंड फॉर जॉब मामलों में आरोप तय करने पर अपना बहुप्रतीक्षित फैसला सुनाएगी। बिहार विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच आ रहे इस फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हैं। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने के समक्ष आज लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव समेत सभी आरोपी व्यक्तिगत रूप से पेश होंगे।

यह सुनवाई ऐसे समय में हो रही है जब बिहार में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं। लालू, राबड़ी और तेजस्वी समेत पूरा परिवार रविवार को ही पटना से दिल्ली पहुंच गया था। कोर्ट ने 24 सितंबर को ही सभी आरोपियों को आज की तारीख पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया था। RJD अध्यक्ष लालू यादव कोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं। इस फैसले से न केवल लालू परिवार का राजनीतिक भविष्य प्रभावित होगा, बल्कि बिहार की राजनीति पर भी इसका गहरा असर पड़ सकता है, क्योंकि महागठबंधन का नेतृत्व कर रहे तेजस्वी यादव खुद इस मामले में आरोपी हैं।

बिहार चुनाव के बीच डबल ट्रबल

बिहार में जहां एक ओर विपक्षी महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस के साथ RJD की बातचीत अंतिम दौर में है, वहीं दूसरी ओर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व कानूनी पचड़े में फंसा हुआ है। लालू परिवार के लिए यह "डबल ट्रबल" जैसी स्थिति है, क्योंकि आज एक नहीं, बल्कि दो बड़े मामलों में फैसला आना है। कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर चल रही खींचतान के बीच लालू और तेजस्वी की दिल्ली में मौजूदगी को इस नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सबकी नजरें अब विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने के फैसले पर हैं।

क्या है आईआरसीटीसी घोटाला?

यह मामला साल 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू प्रसाद यादव केंद्र की यूपीए सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि उन्होंने रेलवे के रांची और पुरी स्थित बीएनआर होटलों के रखरखाव का ठेका एक निजी कंपनी सुजाता होटल्स को नियमों के खिलाफ जाकर दिया। सीबीआई के अनुसार, इस सौदे के बदले में लालू परिवार को पटना में एक प्रमुख स्थान पर बेशकीमती जमीन मिली। सीबीआई ने 2017 में लालू, राबड़ी और तेजस्वी समेत 14 लोगों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com