'सौ शहाबुद्दीन भी आ जाएं तो...', लालू परिवार पर अमित शाह का हमला; बोले- ओसामा को जीतने नहीं देंगे

Bihar Election 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिवान में लालू यादव के शासन काल को जंगलराज बताया। उन्होंने कहा कि सौ शहाबुद्दीन भी आ जाएं तो मोदी-नीतीश राज में किसी का बाल भी बांका नहीं होगा।
amit shah in bihar
लालू परिवार पर अमित शाह का तीखा हमला; फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 24 अक्टूबर 2025 को सिवान में एक जनसभा को संबोधित किया। शाह ने लालू यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल को 'जंगलराज' बताया। उन्होंने पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का मुद्दा उठाते हुए ओसामा को चुनाव नहीं जीतने देने की कसम खाई।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 24 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सिवान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि नामांकन के बाद वह सबसे पहले सिवान की जनता से संवाद करने आए हैं।

लालू यादव और राबड़ी देवी का 'जंगलराज': शाह

शाह ने लालू यादव के शासन काल की याद दिलाते हुए कहा कि 20-20 सालों तक लालू यादव और राबड़ी देवी के 'जंगलराज' में सिवान ने पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का खौफ, अत्याचार और हत्याएं सही हैं। उन्होंने कहा कि सिवान की भूमि लहूलुहान हो गई थी, मगर सिवानवासियों ने झुकना स्वीकार नहीं किया और 'जंगलराज' को समाप्त कर दिया। शाह ने एनडीए सरकार के कामों को भी गिनाया। गृह मंत्री ने बताया कि एनडीए यह चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार को जंगलराज से मुक्त कराना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी की देन है।

ओसामा को जीतने नहीं देंगे: शाह

शाह ने आरजेडी पर हमला करते हुए कहा कि लालू यादव ने एक बार फिर शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को रघुनाथपुर से टिकट दिया है। उन्होंने सिवान के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, "अब मोदी जी और नीतीश कुमार जी का राज है, सौ शहाबुद्दीन भी आ जाएं तो भी किसी का बाल भी बांका नहीं हो सकेगा"। उन्होंने कसम खाई कि वे ओसामा को जीतने नहीं देंगे और शहाबुद्दीन की विचारधारा को आने नहीं देंगे। शाह ने भविष्यवाणी की कि 'असली दिवाली' 14 नवंबर को मनाई जाएगी, जब लालू के बेटे का सूपडा साफ हो जाएगा।

शाह ने 20 सालों का मांगा हिसाब

शाह ने लालू प्रसाद यादव से 20 वर्षों में किए गए विकास कार्यों का हिसाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास तो नहीं किया गया, लेकिन लालू यादव चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब स्कैम, रेलवे होटल घोटाला, बीपीएससी भर्ती घोटाला और आय से अधिक संपत्ति के मामलों में फंसे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने इस दौरान घुसपैठियों के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि घुसपैठियों को बिहार में रहने देना चाहिए। शाह ने जनता से पूछा कि क्या घुसपैठियों को देश से बाहर निकालना चाहिए और क्या उन्हें मतदाता सूची में शामिल किया जाना चाहिए। शाह ने वादा किया कि अगर एनडीए सरकार फिर से बनती है, तो उनकी सरकार "एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर देश से बाहर करने का काम करेगी।"

Navbharat Live
navbharatlive.com