बिहार में NDA विधायकों को सम्राट चौधरी ने अचानक बुलाया घर, राज्यसभा चुनाव से पहले गेम शुरू!

NDA MLA Meeting In Bihar: बिहार की सियासत में इस समय एक मीटिंग ने हलचल मचा दी। बिहार में राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के 5 दिन पहले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपने आवास पर NDA विधायकों की बैठक बुलाई है।
Samrat Chaudhary
सम्राट चौधरी (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rajya Sabha Elections Bihar: बिहार में 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं, 16 मार्च को वोटिंग होगी लेकिन वोटिंग से पहले बीजेपी के नेता और बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज यानी गुरुवार को अपने आवास पर एनडीए के विधायकों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में एनडीए के सभी 202 विधायकों को मीटिंग और डिनर के लिए इनवाइट किया गया है।

बताया जा रहा है कि इस मीटिंग के तहत राज्यसभा चुनाव में एनडीए ने नीतीश कुमार, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम को जिताने की रणनीति बनाई जाएगी। इस चुनाव के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को पर्यवेक्षक बनाया है। इससे पहले कल रात को उप मुख्यमंत्री इन दोनों ही नेताओं से मिल चुके हैं।

रणनीति तय होने के संकेत

सम्राट चौधरी के आवास पर आज होने वाली बैठक में एनडीए राज्यसभा चुनाव को लेकर अहम रणनीति बना सकता है। बताया जा रहा है कि पांच उम्मीदवारों के लिए वोट डालने वाले विधायकों के अलग-अलग समूह तय किए जा सकते हैं। बिहार से राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए कम से कम 41 वोट जरूरी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 41-41 विधायकों के चार समूह बनाए जाने की तैयारी है, जबकि बाकी बचे विधायकों को पांचवें उम्मीदवार के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

पांचवीं सीट पर फंसा पेंच

एनडीए के पास विधानसभा में कुल 202 विधायक हैं। जिनमें भाजपा, जदयू, लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और अन्य सहयोगी दल शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक 41-42 वोट के आधार पर एनडीए आसानी से चार सीटों पर जीत सुनिश्चित कर सकता है। हालांकि पांचवीं सीट के लिए उसके पास केवल 38 वोट हैं। ऐसे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विपक्षी खेमे से तीन अतिरिक्त वोट हासिल करने की कोशिश कर सकता है और इसके लिए बसपा, आईआईपी और कांग्रेस के कुछ विधायकों पर नजर रखी जा रही है।

मुकाबला हुआ दिलचस्प

इस मुकाबले को दिलचस्प बनाने के लिए लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी ने मौजूदा सांसद अमरेंद्र धारी सिंह उर्फ एडी सिंह को मैदान में उतारा है। उनका कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। विपक्षी खेमे को उम्मीद है कि गैर-एनडीए 41 विधायकों का समर्थन उन्हें मिल सकता है। जिनमें राजद, कांग्रेस, वाम दल, आईआईपी के साथ-साथ औवेसी की एआईएमआईएम और मायावती की बसपा के विधायक भी शामिल हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com