बिहार में ‘नयन सुख’ पर छिड़ा घमासान, BJP सांसद ने राबड़ी देवी पर दिया विवादित बयान
पटना: आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित ‘महिला संवाद यात्रा’ के संबंध में दिए ‘आंख सेंकने वाले’ बयान पर सियासत गर्मा गई है। भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। लालू यादव इतने वरिष्ठ नेता हैं, वह सीएम रह चुके हैं और उनकी पत्नी राबड़ी देवी मुख्यमंत्री भी रही हैं। इसके बाद उन्होंने राबड़ी देवी को लेकर कुछ ऐसा कहा, जिसपर विवाद होना तय है।उनकी बेटी भी सांसद हैं।
सांसद गुप्ता ने कहा कि मैं लालू यादव से पूछना चाहती हूं कि जब उनकी पत्नी राबड़ी देवी सदन में आती हैं या जब वह मुख्यमंत्री थीं तो क्या उनका भी लोग नयन सुख लेते हैं। इस तरह की सोच महिलाओं का अपमान है। जहां महिला का अपमान होता है तो वह विश्व का संहार करती है। राजद का अंत अब नजदीक है।
राज्यसभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि मुझे नहीं पता कि लालू यादव खुद ऐसी बातें क्यों कहते हैं और कहने के बाद मुझे आश्चर्य होता है कि क्या उन्हें एहसास है कि वह वास्तव में क्या कह रहे हैं। वह वरिष्ठ हैं और राजनीति में बेहद अनुभवी हैं। किसी का राजनीतिक रूप से विरोध करना एक बात है, लेकिन उनके जैसे कद के किसी व्यक्ति द्वारा ऐसा बयान अकल्पनीय है।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने लालू यादव के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोकप्रिय सीएम नीतीश कुमार महिलाओं से संवाद करने जा रहे हैं। जिस तरह के शब्दों का प्रयोग लालू ने किया है, ये बड़ा ही चिंता का विषय है। पहले तो हम लोग ये समझते थे कि वो शारीरिक रूप से बीमार हैं। अब मानसिक रूप से बीमार हो गए हैं। उनको इलाज की जरूरत है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ‘लालू प्रसाद यादव शुरू से ही स्वार्थी रहे हैं।’ इंडिया गठबंधन के नेतृत्व पर कहा- ‘ममता बनर्जी कौन हैं? जो बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती हैं।’ बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि लालू महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। वह क्या बोलते हैं, क्या सोचते हैं, हमलोग उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते हैं।’ जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि लालू कांग्रेस को अपनी आंख दिखाइए। नीतीश पर आंख दिखाने की हिम्मत आपने कैसे कर दी। सच तो यह है कि जब आप जेल में थे तो होटवार जेल में आपका शरीर कैद था और बुद्धि चरवाहा विद्यालय में कैद हो गई थी।