2006 से था लालू परिवार का ठिकाना रहा 10 सर्कुलर रोड हो रहा खाली, सामान की शिफ्टिंग शुरू

Rabri Devi Bungalow Shift: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का पता अब बदलने वाला है। पटना में सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को वो खाली कर रही हैं।
rabri-devi-vacates-10-circular-road-bungalow-shifting-begins
लालू यादव और राबड़ी देवी
Published on: 
Updated on: 

Bihar Politics: पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सुबह करीब 3 से 4 गाड़ियां आवास परिसर में पहुंचीं, जिनके जरिए गमले, पौधे और अन्य सामान बाहर शिफ्ट किया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पूरा सामान कब तक स्थानांतरित हो पाएगा, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

नया आवास मिला, लेकिन शिफ्टिंग में देरी

पिछले महीने ही राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड पर नया सरकारी आवास आवंटित किया गया था। यह आवास उन्हें विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते मिला है। इसके बावजूद वे अब तक 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास में ही रह रही थीं। अब जब बंगला खाली करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, तो माना जा रहा है कि जल्द ही वे अपने नए आवास में शिफ्ट हो जाएंगी।

2006 से लालू परिवार का ठिकाना

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस दिया गया था। 10 सर्कुलर रोड लंबे समय से लालू परिवार का मुख्य ठिकाना रहा है। ‘राबड़ी आवास’ के नाम से मशहूर यह बंगला साल 2006 से लालू परिवार के उपयोग में था।

नोटिस पर मची थी सियासी हलचल

गौरतलब है कि जब राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का नोटिस मिला था, तब इस मुद्दे पर जमकर राजनीति हुई थी। आरजेडी ने साफ तौर पर कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी किसी भी हाल में 10 सर्कुलर रोड का बंगला खाली नहीं करेंगी। आरजेडी के बिहार चीफ मगनीलाल मंडल ने उस समय कहा था कि इसके लिए जो भी करना पड़े, पार्टी करेगी।

बता दें कि 25 नवंबर को कई अन्य मंत्रियों को भी नया आवास आवंटित किया गया है। उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल को 2 स्टैंड रोड का आवास आवंटित किया गया है। रामकृपाल यादव को 43 हार्डिंग रोड पर आवास दिया गया है। इनके अलावा तेज प्रताप यादव को भी 26 एम स्‍ट्रैंड रोड का बंगला खाली करना होगा। ये बंगला अनुसूचित जाति जनताति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान को आवंटित किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने इस बाबत आदेश जारी किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com