खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, तीन घंटे चली मुठभेड़; पांच पुलिसकर्मी घायल

TTP Attack Pakistan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू में पुलिस चेकपोस्ट पर टीटीपी के हमले में पांच जवान घायल हुए। तीन घंटे चली मुठभेड़ में आतंकियों को भारी नुकसान हुआ।

अमन उपाध्याय

Pakistan News Hindi: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अशांत बन्नू जिले में गुरुवार देर रात आतंकियों ने पुलिस चेकपोस्ट को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया। यह हमला हावैद पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले शेख लंडक इलाके में हुआ जहां लंबे समय से आतंकी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें बाद में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पाकिस्तानी मीडिया डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी के प्रवक्ता काशिफ नवाज ने बताया कि हमला फितना अल खवारिज के लोगों द्वारा किया गया है। गौरतलब है कि पाकिस्तान सरकार तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए इसी शब्द का इस्तेमाल करती है। देर रात किए गए इस हमले के दौरान पुलिस ने बहादुरी दिखाते हुए समय पर जवाबी कार्रवाई की जिसके चलते बड़ा नुकसान होने से बच गया।

आतंकियों को भारी नुकसान

प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस की असरदार और जोरदार जवाबी फायरिंग से आतंकियों को भारी नुकसान हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुठभेड़ करीब तीन घंटे तक चली और इस दौरान कई आतंकवादी मारे गए या घायल हुए। हथियारबंद कबीलों के सदस्यों और शांति समितियों ने भी पुलिस का साथ देते हुए आतंकियों के खिलाफ मोर्चा संभाला। घटना के तुरंत बाद बन्नू के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) सज्जाद खान के निर्देश पर अन्य इलाकों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। सुरक्षाबलों ने हमले के बाद पूरे क्षेत्र को घेर लिया ताकि किसी भी संभावित भागने की कोशिश को रोका जा सके।

आतंकी गतिविधियों में तेजी

बन्नू डीआईजी और डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिसर (डीपीओ) यासिर अफरीदी ने पुलिसकर्मियों की तेजी और लोगों की हिम्मत की सराहना की। बाद में डीपीओ अफरीदी ने अस्पताल जाकर घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और उन्हें आवश्यक सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बन्नू पुलिस ने फिर दिखा दिया कि वह शांति के दुश्मनों के सामने मजबूत दीवार की तरह खड़ी है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई आखिरी हमलावर के खात्मे तक जारी रहेगी।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही टीटीपी ने एक फुटबॉल मैच के दौरान क्वाडकॉप्टर के जरिए हमला किया था, जिसमें नाबालिगों समेत कम से कम सात लोग घायल हुए थे। हाल के महीनों में खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी गतिविधियों में तेजी आई है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है।

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को दी चुनौती, फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची, नाम और सिंबल पर विवाद तेज

भस्मासुर है कांग्रेस…राहुल को पढ़ना चाहिए अपनी पार्टी का इतिहास, सहयोगियों को खत्म करना आदत: किरेन रिजिजू

तमिलनाडु में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा सोने का छल्ला, CM विजय ने किया ऐलान, वितरण के लिए बनेंगे 107 हब

DUSU Election 2026 LIVE: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान समाप्त

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बन सकते हैं राहुल गांधी...शहजाद पूनावाला का तंज, बोले- 2029 में फिर PM बनेंगे मोदी