पीएम मोदी ने लूला दा सिल्वा को चुनावी जीत पर बधाई दी
लूला दा सिल्वा चौथी बार ब्राजील के राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं
दोनों नेताओं ने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया
Narendra Modi Congratulates Lula da Silva: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने पर लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को बधाई दी है। लूला को अपना 'प्रिय मित्र' बताते हुए पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि भारत और ब्राजील मिलकर 'ग्लोबल साउथ' की प्रगति और साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए लूला दा सिल्वा को बधाई दी। उन्होंने लिखा, मेरे प्रिय मित्र, राष्ट्रपति लूला को शानदार पुनर्निर्वाचन पर हार्दिक बधाई। मैं भारत-ब्राजील की बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा तथा व्यापक बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को तत्पर हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को लगातार मजबूत करते रहेंगे। इसके साथ ही, वे 'ग्लोबल साउथ' की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और एक अधिक समावेशी, न्यायसंगत एवं टिकाऊ विश्व के निर्माण के लिए मिलकर प्रयास करेंगे।
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा फरवरी 2026 में भारत के दौरे पर आए थे। इस दौरान नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। बैठक में दोनों नेताओं ने तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और कृषि सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी। इसके अलावा, 'ग्लोबल साउथ' के हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर भी जोर दिया गया था।
ब्राजील में रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान हुआ। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए, जिसमें 80 वर्षीय लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने जीत दर्ज की। इस जीत के साथ वह चौथी बार ब्राजील के राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं। चुनाव के पहले दौर में लूला अपने प्रतिद्वंद्वी फ्लावियो बोल्सोनारो से पीछे रह गए थे। हालांकि, दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 99.89 प्रतिशत मतों की गिनती पूरी होने के बाद लूला को कुल वैध मतों का 51.78 प्रतिशत हिस्सा मिला। वहीं, लिबरल पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लेवियो बोल्सोनारो को 48.23 प्रतिशत वोट हासिल हुए।
लूला दा सिल्वा 5 जनवरी 2027 को ब्राजील के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही वह चौथी बार देश की राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालेंगे।
ब्राजील में 1989 में प्रत्यक्ष राष्ट्रपति चुनाव की शुरुआत हुई थी। उसके बाद यह पहला मौका है, जब पहले दौर में दूसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवार ने अंतिम चरण में जीत हासिल की है।
ब्राजील के बोल्सोनारो परिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का करीबी माना जाता है। चुनाव के पहले चरण में फ्लावियो बोल्सोनारो को 47 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि लूला दा सिल्वा को 45.16 प्रतिशत मत हासिल हुए थे। पहले दौर में पिछड़ने के बावजूद लूला ने अंतिम चरण में बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। इससे पहले, 2022 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में भी लूला दा सिल्वा ने फ्लावियो बोल्सोनारो के पिता और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को हराया था।