सांकेतिक तस्वीर AI जनरेटेड इमेज
विदेश

आजादी दिलाने में भारत ने की थी मदद, फिर क्यों आंख दिखाता है बांग्लादेश; चीन-पाकिस्तान से दोस्ती या कुछ और वजह

Sheikh Hasina Extradition: शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग, भारत विरोधी बयान और पाकिस्तान-चीन से बढ़ते संपर्क के बीच भारत-बांग्लादेश रिश्तों में तनाव है। इसके पीछे कई राजनीतिक और रणनीतिक कारण हैं।

अक्षय साहू

Highlights:

  • शेख हसीना के प्रत्यर्पण और भारत में मौजूदगी को लेकर दोनों देशों में तनाव बढ़ा।

  • बांग्लादेश के स्पीकर ने पाकिस्तान में भारत विरोधी बयान दिए और ICJ जाने की चेतावनी दी।

  • पाकिस्तान से नजदीकी, चीन के निवेश, कट्टरपंथ और अल्पसंख्यक सुरक्षा भी अहम मुद्दे बने।

India-Bangladesh Relations: बांग्लादेश की आजादी में भारत ने अहम भूमिका निभाई थी। साल 1971 में पाकिस्तान की सेना के अत्याचारों के खिलाफ जब वहां के लोगों ने लड़ाई शुरू की, तो भारत ने उनका साथ दिया। भारतीय सेना की मदद से बांग्लादेश एक अलग देश बना। लेकिन पांच दशक बाद दोनों देशों के रिश्तों में फिर कड़वाहट बढ़ रही है, इतनी की बांग्लादेशी नेता पाकिस्तान जा कर भारत के खिलाफ बयान दे रहे हैं।  

ऐसे में सवाल आता है कि जिस हिंदुस्तान ने आजादी दिलाई थी अचानक बांग्लादेश को उसमें अपना सबसे बड़ा दुश्मान क्यों नजर आने लगा है? क्या इसके पीछे केवल शेख हसीना का प्रत्यर्ण का मुद्दा है या फिर वजह कुछ और है। आइए आपको बताते हैं कि बांग्लादेश और भारत के रिश्तों आई कड़वाहट के पीछे क्या कारण है। 

बांग्लादेशी स्पीकर ने भारत के खिलाफ उगला जहर

बांग्लादेश के संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद हाल ही में पाकिस्तान के दौरे पर गए थे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि भारत ने पिछले 15 सालों में बांग्लादेश का शोषण किया और उसके साथ एक उपनिवेश की तरह व्यवहार किया। इसके अलावा  उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर भारत पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को बांग्लादेश नहीं सौंपता है, तो उनका देश इस मामले को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में ले जा सकता है।

हालांकि, किसी बांग्लादेशी नेता द्वारा हाल के समय में भारत के विरोध में दिया यह पहला बयान नहीं है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने भी कई मौकों पर शेख हसीना के मुद्दे पर बयान देते हुए भारत के खिलाफ भी निशाना साधा है। 

शेख हसीना की वजह से बढ़ा तनाव

भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में आई इस कड़वाहट केंद्र में फिलहाल शेख हसीना है। हसीना अगस्त 2024 में छात्रों का आंदोलन के बाद से ही भारत में रह रही हैं। इसके बाद बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। फरवरी 2026 के चुनाव के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी की सरकार बनी।

नई सरकार और बांग्लादेश के कई नेताओं ने हसीना की भारत में मौजूदगी पर सवाल उठाए। बांग्लादेश ने उन्हें वापस भेजने की मांग भी की है। वहां के कुछ नेताओं का आरोप है कि भारत ने हसीना सरकार का जरूरत से ज्यादा साथ दिया और बांग्लादेश की राजनीति में अपना असर बनाए रखा। वहीं भारत इस मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत देख रहा है। यही विवाद दोनों देशों के बीच तनाव की बड़ी वजह है।

शेख हसीना

भारत विरोधी बयान और कट्टरपंथ की चुनौती

बांग्लादेश में सत्ता बदलने के बाद भारत के खिलाफ बयानबाजी तेज हुई है। वहां के कुछ नेता कह रहे हैं कि उनका देश अब किसी एक पड़ोसी पर निर्भर नहीं रहेगा। सीमा पर होने वाली मौतें, घुसपैठ, नदियों के पानी का बंटवारा और व्यापार से जुड़े विवाद भी इस नाराजगी की वजह हैं।

इसके साथ ही बांग्लादेश में कट्टरपंथी संगठनों की बढ़ती सक्रियता भी चिंता का विषय है। जमात-ए-इस्लामी जैसे संगठनों की राजनीतिक भूमिका बढ़ी है। कुछ दूसरे समूहों पर भी धर्म के नाम पर लोगों को भड़काने के आरोप लगते रहे हैं। सरकार बदलने के बाद ऐसे संगठनों को ज्यादा जगह मिलने की चर्चा ने चिंता बढ़ाई है।

अल्पसंख्यकों का मुद्दा भी अहम

इसका असर हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर भी दिखाई देता है। भारत के लिए यह संवेदनशील मुद्दा है, क्योंकि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा का असर दोनों देशों के रिश्तों पर पड़ सकता है। हालांकि पूरे बांग्लादेश या वहां के सभी धार्मिक संगठनों को कट्टरपंथी कहना सही नहीं होगा। चिंता उन समूहों की गतिविधियों को लेकर है जो धर्म के नाम पर नफरत फैलाते हैं।

पाकिस्तान से फिर बढ़ रही नजदीकी

बांग्लादेश और पाकिस्तान के रिश्ते 1971 के बाद लंबे समय तक तनावपूर्ण रहे। पाकिस्तान की सेना के अत्याचार और आजादी की लड़ाई की यादें इसकी बड़ी वजह थीं। लेकिन अब दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ रहा है।

शेख हसीना की सरकार जाने के बाद दोनों देशों के बीच बातचीत तेज हुई है। करीब 15 साल बाद विदेश सचिव स्तर की बातचीत फिर शुरू हुई। व्यापार, वीजा और रक्षा से जुड़े मामलों पर भी चर्चा आगे बढ़ी है। जनवरी 2026 में ढाका और कराची के बीच सीधी हवाई सेवा दोबारा शुरू हुई। इसके अलावा पाकिस्तान के जेएफ-17 लड़ाकू विमान खरीदने को लेकर भी बातचीत की खबरें आईं।

पाकिस्तान और बांग्लादेश में बढ़ करीबी

भारत के लिए यह बदलाव अहम है। पाकिस्तान के साथ बांग्लादेश की बढ़ती नजदीकी से दक्षिण एशिया की सुरक्षा का समीकरण बदल सकता है। हालांकि इसे अभी भारत के खिलाफ किसी सैन्य गठबंधन के रूप में देखना जल्दबाजी होगी।

चीन भी बढ़ा रहा है अपना असर

बांग्लादेश में चीन की मौजूदगी भी लगातार बढ़ रही है। चीन वहां सड़क, पुल, बंदरगाह, बिजली और रक्षा से जुड़ी परियोजनाओं में पैसा लगा रहा है। वह बांग्लादेश का बड़ा व्यापारिक साझेदार भी है।

बंगाल की खाड़ी के पास बांग्लादेश की जगह चीन के लिए रणनीतिक रूप से अहम है। भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के नजदीक चीन की बढ़ती मौजूदगी नई दिल्ली की चिंता बढ़ा सकती है। बांग्लादेश की नई सरकार चीन के साथ-साथ दूसरे देशों से भी रिश्ते मजबूत करना चाहती है। इसे अपनी विदेश नीति में ज्यादा विकल्प तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

भारत से दूरी बांग्लादेश के लिए भी आसान नहीं

राजनीतिक तनाव के बावजूद भारत और बांग्लादेश एक-दूसरे के लिए जरूरी हैं। दोनों देशों के बीच करीब 4096 किलोमीटर लंबी सीमा है। व्यापार, बिजली, सड़क, रेल और सुरक्षा जैसे कई मामलों में दोनों एक-दूसरे पर निर्भर हैं। दोनों देश 54 नदियों का पानी भी साझा करते हैं। गंगा जल बंटवारे की संधि दिसंबर 2026 में खत्म होने वाली है, इसलिए इसे आगे जारी रखने पर बातचीत जरूरी है। भारत के लिए बांग्लादेश पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंच और सीमा की सुरक्षा के लिहाज से अहम है। वहीं बांग्लादेश के लिए भारत व्यापार, बिजली और आने-जाने के रास्तों का बड़ा साथी है।


शेख हसीना का मुद्दा, भारत विरोधी बयान, कट्टरपंथी संगठनों की सक्रियता और चीन-पाकिस्तान से बढ़ती नजदीकी ने दोनों देशों के रिश्तों को मुश्किल बना दिया है। लेकिन 1971 का साझा इतिहास और आपसी जरूरतें बताती हैं कि भारत और बांग्लादेश के लिए बातचीत और सहयोग का रास्ता खुला रखना जरूरी है। 

मोहम्मद शमी की बीजेपी में होगी एंट्री, जल्द थाम सकते हैं पार्टी का दामन!

Delimitation Bill Live: अमित शाह के घर पहुंचे DMK सांसद, परिसीमन बिल का शरद पवार ने भी किया समर्थन

मैदान में रिंकू तो संसद में प्रिया सरोज, शादी के बाद कैसे चलेगी दोनों की जिंदगी? कपल ने खुद खोला राज

पवार ने परिसीमन पर BJP का साथ दिया तो भी INDIA में वही जगह रहेगी! राहुल गांधी ने साफ किया रुख

Delimitation Bill: DMK सांसदों की बदली सीटें, INDIA bloc से अलग बैठेंगे; सुप्रिया सुले को कनिमोझी के साथ जगह