महिलाओं की पहचान मिटाने में जुटा तालिबान? दस्तावेजों में नाम लिखने पर लगाई रोक, लिख रहे अपमानजनक शब्द

Taliban Restrictions on Women: अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में तालिबान पर महिलाओं के नाम सरकारी और मेडिकल रिकॉर्ड से हटाने का आदेश देने का आरोप है। कार्यकर्ताओं ने इसे पहचान मिटाने की कोशिश बताया है।
Taliban Restrictions on Women
सांकेतिक तस्वीर(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में महिलाओं के नाम सरकारी दस्तावेजों से हटाने का कथित आदेश दिया गया है।

  • सरकारी कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को महिलाओं के लिए ‘बीबी’ शब्द इस्तेमाल करने को कहा गया है।

  • कार्यकर्ताओं को आशंका है कि यह पाबंदी आगे चलकर पूरे अफगानिस्तान में लागू हो सकती है।

  • मेडिकल रिकॉर्ड में एक ही नाम इस्तेमाल होने से मरीजों की पहचान और इलाज में गड़बड़ी का खतरा है।

Taliban Women Name Ban: अफगानिस्तान में तालिबान ने महिलाओं के खिलाफ पाबंदियों को और सख्त कर दिया है।  देश के बल्ख प्रांत में सरकारी दस्तावेजों पर महिलाओं का असली नाम लिखने पर पांबदी लगी दी गई है। सरकारी दस्तावेजों पर महिलाओं के नाम की जगह गाय या बकरी लिखा जा रहा है। कुछ महिलाओं ने अपमानजनक शब्दों से पुकारे जाने की शिकायतें की है। 

द गार्जियन की रिपोर्ट मुताबिक, सरकारी कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को महिलाओं के लिए ‘बीबी’ शब्द इस्तेमाल करने को कहा गया है। इसका अर्थ आमतौर पर बुजुर्ग महिला या दादी होता है।  

महिलाओं की पहचान मिटाने की कोशिश का आरोप

जर्मनी में रहने वाली अफगान महिला अधिकार कार्यकर्ता लालाह ओस्मानी ने इसे महिलाओं को इंसान के रूप में सम्मान न देने की कोशिश बताया। उनके मुताबिक, महिलाओं, डॉक्टरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस तरह के व्यवहार की जानकारी दी है। एक अन्य अफगान कार्यकर्ता ने भी ऐसे आदेश की पुष्टि की, हालांकि उसके अनुसार फिलहाल कुछ जगहों पर इसका पालन नहीं हो रहा है।

महिला अधिकार संगठन फेमेना की अफगानिस्तान प्रमुख जुबैदा अकबर ने आशंका जताई है कि यह नियम आगे चलकर पूरे देश में लागू किया जा सकता है। उनके मुताबिक, पहले भी स्थानीय स्तर पर लगाए गए कई प्रतिबंध बाद में देशभर में लागू किए जा चुके हैं। संगठन ने महिलाओं के अधिकारों पर रोक लगाने वाले 144 से ज्यादा आदेश दर्ज किए हैं।

Taliban Restrictions on Women
हिंदुस्तानी भले लोग...इस्लामाबाद में बैठकर पाकिस्तानी मंत्री ने की भारत की तारीफ; बातचीत के लिए बताया रास्ता

पढ़ाई-रोजगार पर पहले से लगी हैं पाबंदियां

तालिबान के शासन में लड़कियों के लिए 12 साल की उम्र के बाद पढ़ाई के रास्ते बंद कर दिए गए हैं। महिलाओं को कई तरह की नौकरियां करने से रोका गया है और सार्वजनिक जगहों पर उनकी आवाजाही तथा बोलने की आजादी भी सीमित की गई है। इसके बावजूद कुछ महिलाएं छिपकर स्कूल चला रही हैं और छोटे कारोबार कर रही हैं। 

तालिबान ने पाबंदियों का किया बचाव

तालिबान के नैतिकता मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने मीडिया से कहा कि महिलाएं कारोबार और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा ले सकती हैं, लेकिन उन्हें इस्लामी शरिया और देश के कानूनों का पालन करना होगा।

ओस्मानी ने चेताया कि महिलाओं के नाम हटाने का असर इलाज पर भी पड़ सकता है। मेडिकल पर्चों और रिकॉर्ड में एक जैसे नाम इस्तेमाल होने से मरीजों की पहचान में गलती हो सकती है। पहले से ही महिला मरीजों को पुरुष डॉक्टरों से इलाज कराने और महिलाओं को मेडिकल शिक्षा देने पर लगी रोक के कारण मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं।

Taliban Restrictions on Women
Myanmar Airstrike: म्यांमार की सेना ने स्कूल और बौद्ध मठ पर की बमबारी, 30 से ज्यादा लोगों की मौत; कई घायल

पहले भी चला चुकी हैं पहचान के लिए अभियान

ओस्मानी ने 2017 में सरकारी कागजों पर मां का नाम दर्ज कराने के लिए अभियान शुरू किया था। धमकियों के बावजूद उनकी कोशिश सफल हुई और 2020 में नियम बदला गया। इसके बाद जन्म प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेजों में मां का नाम शामिल कराना संभव हुआ।

अगस्त 2021 में अमेरिकी सेना की वापसी के दौरान अफगान सरकार गिर गई और तालिबान ने फिर सत्ता संभाल ली। इसके बाद महिलाओं को मिली कई सुविधाएं और अधिकार वापस ले लिए गए।