नवभारत संपादकीय: 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना? बढ़ सकता है सियासी तनाव

Hasina Bangladesh Return: शेख हसीना ने 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटने की योजना का ऐलान किया है। उनकी वापसी पर गिरफ्तारी की चेतावनी के बीच देश में राजनीतिक तनाव और हिंसा बढ़ने की आशंका है।
Sheikh Hasina
शेख हसीनाफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की घोषणा की है।

  • बांग्लादेश सरकार ने उन्हें हथकड़ी लगाकर लाने की बात कही है।

  • अवामी लीग और बीएनपी के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसा बढ़ी है।

  • हसीना की वापसी से बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और हिंसा बढ़ने की आशंका जताई गई है।

Sheikh Hasina Return Political Crisis: भारत में 2 वर्ष आत्मनिर्वासित जीवन बिताने के बाद बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को अपने देश लौटने की घोषणा की है। उन्होंने यह तारीख इसलिए चुनी क्योंकि इसी दिन 1971 में बांग्लादेश की पाकिस्तान की गुलामी से मुक्ति हुई थी। मुक्ति दिवस पर वापसी की हसीना की घोषणा बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को चुनौती है, साथ ही यह हसीना की पार्टी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं की राजनीतिक संघर्ष जारी रखने का संकेत भी है।

पहले ही बांग्लादेश में विगत महीनों से हिंसा हो रही है, हसीना के लौटने पर और भी हिंसा भड़क सकती है, यह जानते हुए भी कि ढाका पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तार कर फांसी या आजन्म कारावास देने की निर्मम साजिश रची जा सकती है, हसीना इस जोखिम को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह बांग्लादेश सरकार के विमान से भारत आई थीं इसलिए वहां की सरकार उन्हें स्वदेश लाने के लिए विमान एयरलाइंस का सरकारी हवाई जहाज दिल्ली भेजे। इस पर बांग्लादेश सरकार के प्रवक्ता ने नफरत के साथ कहा कि हसीना को हथकड़ी लगाकर लाया जाएगा और उनसे ऐसा ही बर्ताव किया जाएगा, जैसे विदेश जाने वाले भगोड़े के साथ किया जाता है।

Sheikh Hasina
मुंबई में भारी बारिश से विमान होंगे लेट, IndiGo एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी, दिए ये निर्देश

शेख हसीना की वापसी की चुनौती से बांग्लादेश में सियासी तनाव

इस बयान के बाद अपना शक्ति प्रदर्शन करने अवामी लीग और बीएनपी दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर पड़े। बांग्लादेश की रहमान सरकार शेख हसीना को कोई राजनीतिक महत्व देना नहीं चाहती, न उनके साथ किसी सौदेबाजी को तैयार है। शेख हसीना भी खतरे से खेलने जा रही हैं। 2024 में उन्होंने अपने विरोधियों के दमन का आदेश दिया था। तब यूएन के अनुमान के अनुसार 1,400 लोग मारे गए थे। इसे लेकर बांग्लादेश की अदालत ने गत वर्ष हसीना को मौत की सजा सुनाई थी। वहां हुई बगावत की वजह से हसीना ने भागकर भारत में शरण ली थी।

Sheikh Hasina
भारत-बांग्लादेश के रिश्तों की अग्निपरीक्षा बनेगी गंगा जल संधि, 30 साल पुरानी डील खत्म होने से पहले बढ़ी हलचल

हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश में सियासी उथल-पुथल

पहले मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार और फिर वर्तमान रहमान सरकार ने भारत से हसीना को वापस सौंपने की मांग की थी, जिसे भारत ने यह कहकर ठुकरा दिया था कि हसीना वैध पासपोर्ट पर भारत आई थीं और जब उनकी मर्जी होगी, वापस लौटेंगी। हसीना ने बांग्लादेश सरकार से अपने लिए नया पासपोर्ट मांगा है। इसके बाद उनकी पार्टी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ गया।

अवामी लीग और बीएनपी के बीच हिंसक लड़ाई शुरू हो गई जिसमें अनेक लोगों की मौत के अलावा संपत्ति को नुकसान भी पहुंचा। इसी दौरान सुरक्षा की कमी के खिलाफ वहां के गारमेंट फैक्टरी कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। इन स्थितियों में प्रधानमंत्री रहमान के लिए तनाव बढ़ता जा रहा है। यदि शेख हसीना की वापसी होती है और उन्हें हथकड़ी लगाई जाती है तो बांग्लादेश में हिंसा बेकाबू हो सकती है।

लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा