इजरायल में सरकार बनाने का फॉर्मूला तैयार, नेतन्याहू के तेवर पड़े नरम; आइजनकोट का PM बनना तय!

Israel Political Crisis 2026: इजरायल में सरकार गठन के संकट के बीच बेंजामिन नेतन्याहू ने गादी आइजेनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया है। दोनों नेताओं के बीच सत्ता साझा करने की चर्चा है।
srael Political Crisis 2026
इजरायल नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा तेज(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • इजरायल में सरकार गठन का संकट दूर करने के लिए नेतन्याहू ने सत्ता साझा करने का प्रस्ताव दिया है।

  • गादी आइजेनकोट पहले प्रधानमंत्री बन सकते हैं और बाद में नेतन्याहू पद संभाल सकते हैं।

  • नेतन्याहू के गठबंधन को 53 और आइजेनकोट के खेमे को 48 सीटें मिली हैं।

  • इजरायल की 120 सदस्यीय संसद में सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है।

Israel Government Formation: इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने विरोधी नेता गादी आइजेनकोट के सामने एक नया प्रस्ताव रखा है। इसके मुताबिक, दोनों नेता तय समय के लिए बारी-बारी से प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। खबरों के मुताबिक, नेतन्याहू पहले चरण में कुर्सी छोड़ने और बाद में दोबारा प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं।

माना जा रहा है अगर आइजेनकोट इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं, तो इसे नेतन्याहू की ओर से बड़ा राजनीतिक कदम माना जाएगा। दरअसल, उनके दक्षिणपंथी गठबंधन के पास सरकार बनाने लायक सीटें नहीं हैं। सत्ता में बने रहने का रास्ता तलाशते हुए उन्होंने यह विकल्प सामने रखा है। इजरायली चैनल 13 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बात आइजेनकोट तक सीधे नहीं, बल्कि अनौपचारिक तरीके से पहुंचाई गई है। हालांकि, नेतन्याहू के अपने खेमे में भी इस विचार को लेकर एकराय नहीं है।

चुनाव में किसी भी गठबंधन को नहीं मिला बहुमत

27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी राजनीतिक गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। हमास के हमले और ईरान के साथ संघर्ष के बाद यह देश का पहला चुनाव था। इजरायल की संसद में कुल 120 सदस्य हैं और सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है।

चुनाव नतीजों में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं, जबकि आइजेनकोट के साथ जुड़े दलों के खाते में 48 सीटें आईं। अरब पार्टियों राम और जॉइंट लिस्ट ने मिलकर 19 सीटें हासिल कीं। ऐसे में सरकार बनाने के लिए उनका समर्थन महत्वपूर्ण हो सकता है। हालांकि, नेतन्याहू और आइजेनकोट दोनों ही इन पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने से इनकार कर चुके हैं।

6 दिसंबर तक आइजेनकोट को साबित करना होगा बहुमत

इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने इसी महीने आइजेनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें 6 दिसंबर तक जरूरी सांसदों का समर्थन जुटाने का समय दिया गया है। यदि वह इस कोशिश में सफल नहीं होते हैं, तो राष्ट्रपति नेतन्याहू को सरकार बनाने का अवसर दे सकते हैं।

अगर दोनों नेता बहुमत जुटाने में असफल रहते हैं, तो देश में एक बार फिर चुनाव कराने की नौबत आ सकती है। इसी वजह से दोनों खेमों पर जल्द कोई राजनीतिक रास्ता निकालने का दबाव है।

आइजेनकोट के फैसले पर टिकी नजर

नेतन्याहू के प्रस्ताव पर आइजेनकोट फिलहाल संभलकर कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने अपने गठबंधन के सहयोगी यायर गोलान और एविगडोर लिबरमैन को भरोसा दिया है कि उनकी सहमति के बिना वह नेतन्याहू के साथ मिलकर सरकार नहीं बनाएंगे। हालांकि, उनके एक अन्य सहयोगी नफ्ताली बेनेट पहले ही लिकुड पार्टी के साथ मिलकर साझा सरकार बनाने का समर्थन कर चुके हैं।

लिबरमैन ने पहले ही इस तरह के प्रस्ताव की आशंका जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नेतन्याहू सरकार गठन की बातचीत को जानबूझकर लंबा खींच सकते हैं। उनका मानना है कि भ्रष्टाचार के कई मामलों का सामना कर रहे नेतन्याहू आखिर में बातचीत से पीछे हटकर देश को नए चुनाव की तरफ धकेल सकते हैं।