

Highlights:
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में होने वाली है।
दोनों के सामने क्रिकेट और संसदीय जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बनाने की चुनौती होगी।
इंटरव्यू में दोनों ने एक-दूसरे के काम और व्यस्त कार्यक्रम का सम्मान करने की बात कही है।
Rinku Singh Priya Saroj Wedding: क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाले भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में सात फेरे लेने जा रहे हैं।
बता दें क्रिकेट के मैदान पर रिंकू सिंह अपनी बल्लेबाजी से पहचान बना चुके हैं, तो वहीं प्रिया सरोज संसद में मछलीशहर की जनता का प्रतिनिधित्व करती हैं। ऐसे में दोनों के सामने शादी के बाद अपनी निजी जिंदगी और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बैठाने की चुनौती भी होगी। इसको लेकर दोनों ने एक इंटरव्यू में खुलकर बात की है।
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। क्रिकेट की वजह से उन्हें अक्सर अलग-अलग शहरों और देशों की यात्रा करनी पड़ती है। दूसरी तरफ प्रिया सरोज सांसद होने के नाते संसद के कामकाज, अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे और जनता से जुड़े मुद्दों में व्यस्त रहती हैं।
हिंदुस्तान टाईम्स को 16 सितंबर 2026 को दिए इंटरव्यू में प्रिया सरोज ने बताया कि दोनों एक-दूसरे के समय और करियर का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों के काम में लगातार फोकस और यात्रा की जरूरत होती है, लेकिन व्यस्तता के बीच भी वे एक-दूसरे के साथ समय बिताने के छोटे-छोटे मौके निकाल लेते हैं।
इसी इंटरव्यू में रिंकू सिंह ने कहा कि क्रिकेट और प्रिया का काम दोनों ही काफी व्यस्त रहते हैं। इसलिए वे चीजों को सरल रखने की कोशिश करते हैं। जब दोनों साथ होते हैं तो काम के दबाव को अलग रखकर एक-दूसरे के साथ समय बिताते हैं।
रिंकू ने यह भी बताया कि शादी की तैयारियों में दोनों परिवारों का काफी सहयोग मिल रहा है। परिवार उनके लिए सबसे बड़ा सहारा बना हुआ है।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की पहली बातचीत की कहानी भी काफी दिलचस्प है। रिंकू ने सगाई के बाद दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि कोविड के दौर में जब आईपीएल मुंबई में खेला जा रहा था, तब उन्होंने एक फैन पेज पर प्रिया सरोज की तस्वीर देखी थी।
रिंकू को प्रिया पसंद आईं, लेकिन वह उन्हें मैसेज करने में झिझक रहे थे। इसी दौरान प्रिया ने उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर लाइक कीं। इसके बाद रिंकू ने उन्हें मैसेज किया और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। रिंकू के मुताबिक, धीरे-धीरे दोनों नियमित रूप से बात करने लगे और 2022 से उन्हें प्रिया के लिए प्यार महसूस होने लगा था।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में सगाई की थी। अब करीब डेढ़ साल बाद दोनों 4 दिसंबर 2026 को शादी करने जा रहे हैं।
इस शादी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव के आने की संभावना भी जताई जा रही है। दोनों परिवार भी शादी की तैयारियों में जुटे हैं।
अब फैंस की नजर इस बात पर है कि क्रिकेट और राजनीति की व्यस्त दुनिया के बीच यह जोड़ी अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कैसे करती है।