

विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने दिसंबर में शेख हसीना की वापसी से इनकार किया।
कबीर ने कहा कि हसीना को भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि के तहत लाया जाएगा।
16 दिसंबर को विजय दिवस के मौके पर हसीना के ढाका लौटने की चर्चाएं तेज हैं।
शेख हसीना ने कहा कि गिरफ्तारी या जेल का डर उन्हें देश लौटने से नहीं रोक सकता।
Sheikh Hasina Return Bangladesh December: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने उनकी वापसी की खबरों पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि दिसंबर में देश के अंदर सर्द मौसम जरूर आएगा, लेकिन शेख हसीना के आने की संभावना नहीं है। उन्होंने साफ किया कि अगर हसीना बांग्लादेश लौटती हैं तो उन्हें भारत के साथ हुए प्रत्यर्पण समझौते के तहत ही वापस लाया जा सकता है।
समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश (यूएनबी) के मुताबिक, कबीर ने गुरुवार को विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने बताया कि सिलहट में हुई एक बैठक में भी वह इस बात को स्पष्ट कर चुके हैं। उनके अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री की दिसंबर में वापसी की खबरों को सच मानने का कोई कारण नहीं है।
हुमायूं कबीर ने कहा कि उनकी सरकार भारत से चाहती है कि मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के नियमों के अनुसार शेख हसीना और अन्य आरोपियों को बांग्लादेश भेजा जाए। इस संबंध में दोनों देशों के संबंधित अधिकारियों के बीच आधिकारिक प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है।
मंत्री ने संकेत दिया कि हसीना की वापसी किसी आम नागरिक की तरह नहीं होगी। उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए बांग्लादेश लाया जाएगा। सरकार का कहना है कि जिन लोगों पर गंभीर आरोप हैं, उन्हें देश वापस लाकर अदालत के सामने पेश करना जरूरी है।
मीडिया में ऐसी खबरें सामने आई हैं कि भारत में रह रहीं शेख हसीना 16 दिसंबर को विशेष सरकारी विमान से ढाका लौट सकती हैं। इस तारीख का बांग्लादेश के इतिहास में खास महत्व है। देश में हर साल 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1971 में पाकिस्तान से मिली आजादी की जीत की याद दिलाता है।
इससे पहले मंगलवार को भी हुमायूं कबीर ने हसीना की संभावित वापसी पर सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि अगर वह 16 दिसंबर को बांग्लादेश आती हैं, तो उन्हें हिरासत में ही लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मीडिया में खबरें दिखाए जाने और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर समझना जरूरी है।
दूसरी तरफ, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हाल ही में अपने देश लौटने की इच्छा जाहिर की थी। इसी महीने की शुरुआत में आईएएनएस को दिए गए एक ऑडियो इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी, जेल या मौत का खतरा भी उन्हें बांग्लादेश वापस आने से नहीं रोक सकता।
हसीना ने कहा कि वह अपने लोगों से दूर किसी दूसरे देश में रहने के बजाय अपनी मातृभूमि में आखिरी सांस लेना पसंद करेंगी। उनके मुताबिक, उन्होंने हमेशा अपने फैसले देश के हित को ध्यान में रखकर लिए हैं और निजी सुरक्षा की चिंता ने कभी उनके कदम पीछे नहीं खींचे।
इंटरव्यू में शेख हसीना ने अपने पुराने राजनीतिक दौर का जिक्र करते हुए बताया कि वह वर्ष 1981 में सैन्य शासन के दौरान बांग्लादेश वापस आई थीं। उस समय देश में राजनीतिक हालात बेहद मुश्किल थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने स्वदेश लौटने का फैसला किया था।
उन्होंने 2007 की घटना को भी याद किया, जब सैन्य समर्थन वाली सरकार के सत्ता में रहने के दौरान उनकी गिरफ्तारी की आशंका थी। हसीना ने बताया कि वह पहले भी जेल जा चुकी हैं और उनकी जान लेने की कई कोशिशें हो चुकी हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि बांग्लादेश पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है या उनके खिलाफ कोई गंभीर कार्रवाई हो सकती है। इसके बावजूद उनका कहना है कि डर कभी उन्हें सही समझे जाने वाले काम से पीछे हटने पर मजबूर नहीं कर पाया। -एजेंसी इनपुट के साथ