नेपाल ने 200 और 500 रुपए के भारतीय नोट ले जाने पर लगा प्रतिबंध हटाया, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

भारत-नेपाल यात्रा करने वालों के लिए गुड न्यूज, अब सीमा पार ले जा सकेंगे 200-500 के भारतीय नोट

Indian Currency In Nepal: भारत–नेपाल सीमा पर आवागमन करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेपाल सरकार ने 200 और 500 रुपये के भारतीय मुद्रा नोट ले जाने की अनुमति दे दी है।

अमन उपाध्याय

India Nepal News: नेपाल सरकार ने भारत–नेपाल सीमा के आर-पार यात्रा को आसान बनाने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि अब भारतीय और नेपाली नागरिक यात्रा के दौरान 200 और 500 रुपये के भारतीय मुद्रा नोट अपने साथ रख सकते हैं। यह फैसला लंबे समय से चली आ रही सीमा क्षेत्रों की मांग को पूरा करता है।

कैबिनेट बैठक के बाद संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तथा सरकार के प्रवक्ता जगदीश खरेल ने पत्रकारों को बताया कि यह निर्णय भारत की यात्रा करने वाले नेपाली नागरिकों और नेपाल आने वाले भारतीय यात्रियों दोनों के लिए लागू होगा। उन्होंने कहा कि अब 200 और 500 रुपये के भारतीय नोट साथ रखने को अवैध नहीं माना जाएगा।

अब असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा

यह फैसला भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा 28 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुरूप है। आरबीआई की अधिसूचना के अनुसार, बांग्लादेश और पाकिस्तान के नागरिकों को छोड़कर कोई भी व्यक्ति भारत से नेपाल या भूटान, अथवा नेपाल और भूटान से भारत यात्रा करते समय 100 रुपये से अधिक मूल्य के भारतीय नोट अधिकतम 25,000 रुपये तक ले जा सकता है। नेपाल राष्ट्र बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस निर्णय से खासतौर पर उन नेपाली नागरिकों को राहत मिलेगी, जो इलाज, शिक्षा या अन्य जरूरी कार्यों के लिए भारत जाते हैं। अब उन्हें सीमा पर बार-बार जांच और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही नेपाल आने वाले भारतीय पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए भी यह फैसला बेहद फायदेमंद साबित होगा।

नेपाल ने भारतीय नोटों पर लगाया था प्रतिबंध

गौरतलब है कि नवंबर 2016 में भारत सरकार द्वारा 500 और 1,000 रुपये के नोटों के विमुद्रीकरण के बाद नेपाल ने भी अपने देश में इन भारतीय नोटों के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया था। भारत सरकार ने उस समय काले धन पर अंकुश लगाने और भ्रष्टाचार से लड़ने के उद्देश्य से इन नोटों को बंद कर 2,000 रुपये के नए नोट जारी किए थे।

नेपाल के केंद्रीय बैंक के अनुसार, विमुद्रीकरण के बाद लगभग 50 मिलियन रुपये से अधिक मूल्य के भारतीय नोट आज भी नेपाल की बैंकिंग प्रणाली में फंसे हुए हैं। यही कारण था कि सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोग लंबे समय से उच्च मूल्य के भारतीय नोटों पर लगी पाबंदियों को हटाने की मांग कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 2015 में नेपाल के केंद्रीय बैंक ने आरबीआई की ढील के बाद 500 और 1,000 रुपये के नोटों पर लगा प्रतिबंध हटाया था। हालांकि जून 2000 से 2015 तक नेपाल में इन भारतीय नोटों का उपयोग प्रतिबंधित रहा था।

Explainer: कब-कब विवादों में घिरे धीरेंद्र शास्त्री? 10 बयानों पर हुआ विरोध, कई बार मांगनी पड़ी माफी

Diwali Trains: मुंबई-नागपुर के बीच 12 और स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, 4 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग; जानिए शेड्यूल

राहुल ने PM मोदी को दी खुली चुनौती: बोले- डरिए मत, मंच पर आमने-सामने बैठिए; राजनाथ-समेत 4 नेताओं से की अपील

SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब तो भी भर सकेंगे फॉर्म-6, चुनाव आयोग ने दी बड़ी राहत

दिवाली-छठ पर यूपी-बिहार वालों को ट्रेनों में मिल सकता है कन्फर्म टिकट, रेलवे चला रहा करीब 2,000 स्पेशल ट्रेनें