Nitin Nabin Youth Statement Varanasi: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं और देश के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को जेन-जी, जेन-अल्फा, बीटा और गामा जैसी अलग-अलग श्रेणियों में बांटने की जरूरत नहीं है। युवा सिर्फ युवा है और उसे किसी कैटेगरी में नहीं बांटा जाना चाहिए। उन्होंने इसे युवाओं को बांटने की कोशिश बताया।
नितिन नवीन ने कहा कि पीढ़ी परिवर्तन को परिवार, समाज और राजनीतिक दलों को समझना होगा। नई पीढ़ी अपनी बात रखना जानती है और हम सभी को उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच, उनकी आकांक्षाओं और उनकी भागीदारी को समझना आज की जरूरत है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि देश में लंबे समय तक पंचवर्षीय योजनाओं के आधार पर विकास की योजना बनाई जाती रही। उन्होंने कहा, “पंचवर्षीय कार्यक्रम चलाने वाली सरकारों की वजह से देश विकसित नहीं बन पाया।” उनके मुताबिक, जो सरकार पांच साल की योजना बनाएगी, उसकी सोच भी पांच साल तक ही सीमित रह जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सोच में बदलाव किया और नीति आयोग का गठन कर 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा, “हमने सबकुछ सही कर लिया, यह हमने कभी दावा नहीं किया, लेकिन हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
नितिन नबीन ने कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी भारत विकसित देश नहीं बन पाया, जबकि दुनिया के कई देशों ने लंबे समय का लक्ष्य तय कर अपनी अर्थव्यवस्था और व्यवस्था को बदला। उन्होंने अमेरिका और चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को भी आने वाले समय के लिए दीर्घकालिक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश में आईटी का हब सिर्फ कुछ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हर राज्य और जिले तक आईटी और तकनीक की पहुंच जरूरी है। उन्होंने कहा, “इसी उत्तर प्रदेश में नोएडा भी है, लखनऊ भी है और काशी भी है। काशी भी आईटी का हब बने, इसके लिए हम प्रयास करेंगे।”
उन्होंने स्टार्टअप को लेकर कहा कि 2014 से पहले देश में स्टार्टअप का प्रयोग और उपयोग सीमित स्तर पर था, लेकिन आज स्टार्टअप के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार और नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं को स्टार्टअप के लिए पूरा सहयोग दे रही हैं।
नितिन नबीन ने कहा कि भारत आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का सबसे बड़ा हब बनने जा रहा है। उन्होंने युवाओं से तकनीक और नए अवसरों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में उनसे पहले जितने प्रधानमंत्री हुए, वे पहले प्रधानमंत्री बने और बाद में सांसद बने, जबकि नरेंद्र मोदी ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने पहले सांसद के रूप में काम किया और बाद में प्रधानमंत्री बने।
नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में लोग आने से डरते थे, लेकिन आज प्रदेश की तस्वीर बदल गई है।
उन्होंने कहा, “आज यूपी टूरिज्म का हब है।” उनके मुताबिक, पहले उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया के कारण होती थी, लेकिन अब प्रदेश की पहचान एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर, पर्यटन और विकास परियोजनाओं के कारण हो रही है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश की युवा शक्ति आने वाले भारत की दिशा तय करेगी। इसलिए युवाओं को वर्गों और पीढ़ियों की अलग-अलग श्रेणियों में बांटने के बजाय उनकी बात सुनकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है।