300 बार पूछें या 500 बार, जवाब नहीं बदलेंगे, सिंधु जल संधि पर सवाल से भड़के पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक

Musadik Malik Sindhu Jal Sandhi Statement : भारत दौरे पर आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक सिंधु जल संधि पर सवाल पूछे जाने पर नाराज हो गए। बोले- 300 या 500 बार पूछने पर भी जवाब नहीं बदलेंगे।
Musadik Malik Sindhu Jal Sandhi Statement
पाकिस्तान मंत्री मुसादिक मसूद मलिक सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सिंधु जल संधि पर सवाल पूछे जाने पर मुसादिक मलिक ने नाराजगी जताई।

  • उन्होंने कहा कि औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत के बिना इस मुद्दे पर जवाब नहीं देंगे।

  • आतंकवाद पर उन्होंने दोनों देशों के बीच सबूतों के आधार पर चर्चा करने की बात कही।

Musadik Malik India Visit: भारत दौरे पर आए पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक से जब सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने और इसे लेकर दी गई 'हाथ काट देने' की धमकी पर सवाल पूछा गया, तो वह नाराज हो गए।

उन्होंने साफ कहा कि भारत यात्रा का उद्देश्य इस मुद्दे पर बातचीत करना नहीं है और जब तक दोनों देशों के बीच औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत की व्यवस्था नहीं बनती, तब तक वह इस पर कोई जवाब नहीं देंगे। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि सवाल 300 बार पूछें या 500 बार, उनका जवाब यही रहेगा। हालांकि, आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने सबूतों के आधार पर बातचीत करने की बात कही।

सिंधु जल संधि पर सवाल सुनते ही नाराज हुए पाकिस्तानी मंत्री

मुसादिक मलिक से भारत की ओर से सिंधु जल संधि को निलंबित रखने के फैसले पर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस विषय पर चर्चा के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। उन्होंने दोहराया कि जब तक इस मुद्दे पर औपचारिक बातचीत शुरू नहीं होती, तब तक वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

मंत्री ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा के लिए एक तय व्यवस्था और औपचारिक प्रक्रिया होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब उन्हें सिंधु जल संधि पर बातचीत के लिए बुलाया जाएगा, तब वह इस विषय पर जरूर बात करेंगे। फिलहाल उनकी यात्रा का एजेंडा कुछ और है।

Musadik Malik Sindhu Jal Sandhi Statement
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत को धमकी, अब दिल्ली पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री; आखिर क्यों?

आतंकवाद पर बोले- दोनों देश सबूत पेश करें

आतंकवाद के मुद्दे पर पूछे गए सवालों के जवाब में पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि इस विषय पर बातचीत तथ्यों और सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस तरह की चर्चा के लिए तैयार है और दोनों देश अपने-अपने सबूत पेश कर सकते हैं।

मुसादिक मलिक के मुताबिक, यदि आतंकवाद की समस्या का स्थायी समाधान तलाशना है, तो बातचीत पारदर्शी तरीके से आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि केवल आरोप-प्रत्यारोप के बजाय प्रमाणों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि पहले अपेक्षाकृत आसान मुद्दों पर बातचीत शुरू की जाए और बाद में जटिल विषयों पर चर्चा की जाए।

SCO कार्यक्रम में शामिल होने भारत आए हैं मुसादिक मलिक

बता दें कि पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक दिल्ली के पुराने किले में आयोजित 'SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। मई 2023 के बाद यह पहला मौका है, जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आया है।

उनका यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत के सिंधु जल संधि को निलंबित करने के फैसले के चलते दोनों देशों के संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं।

Musadik Malik Sindhu Jal Sandhi Statement
गालिब की कब्र...लखनऊ का अदब, SCO मीटिंग में पाक मंत्री ने अंग्रेजी से बनाई दूरी; शायरना अंदाज में दिया भाषण

सिंधु जल संधि पर भारत के रुख में बदलाव नहीं

वहीं, भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि सिंधु जल संधि को निलंबित रखने के फैसले में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारत ने पाकिस्तानी मंत्री की यात्रा को पानी के मुद्दे पर द्विपक्षीय बातचीत की पहल के रूप में पेश नहीं किया है।

दरअसल, यह कार्यक्रम शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के बहुपक्षीय आयोजन का हिस्सा है। ऐसे में मुसादिक मलिक की भारत यात्रा के बावजूद सिंधु जल संधि पर दोनों देशों के बीच औपचारिक बातचीत शुरू होने के संकेत नहीं मिले हैं।